आगरलीक्स…बाइक में पेट्रोल भरवाने जा रहे हैं तो हेलमेट लगाकर ही जाना. आगरा में आज 401 लोगों के हुए चालान. पेट्रोल पंपों पर पुलिस कर रही चालान…
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को नियमों का पालन कराने के उद्देश्स से आगरा सहित मंडल के सभी जिलों में व्यापक रूप से नो हेलमेट नो पेट्रोल अभियान आज से लागू कर दिया गया है. पुलिस द्वारा पेट्रोल पंपों पर जाकर चेकिंग की जा रही है और बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों के चालान भी किए जा रहे हैं. इसी अभियान के तहत आगरामें आज 401 लोगों के चालान हुए. वहीं मंडल के अन्य जिलों की बात करें तो फिरोजााबद में 164, मथुरा में 279 और मैनपुरी में 47 वाहन चालकों के इस अभियान के तहत चालान हुए हैं. यह अभियान आरटीओ प्रवर्तन अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में निरंतर चलाया जाएगा.
प्रशासन के हैं सख्त आदेश
एडीएम सिटी की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक में बताया गया कि जनपद के समस्त शासकीय एवं अर्द्ध-शासकीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी जो दोपहिया वाहन से कार्यालय आते हैं, वे हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें और उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्री (पिलियन राइडर) के लिये भी हेलमेट पहनना आवश्यक हो। इसी प्रकार, जो अधिकारी/कर्मचारी चारपहिया वाहन से कार्यालय आते हैं, वे वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें एवं अन्य सभी सह यात्रियों के लिये सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य हो। कार्यालयों के प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मी द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनुपालन की जाँच करने पर यदि उक्त निर्देशों का उल्लंघन पाया जाता है तो कार्यालय में प्रवेश पर रोक लगायी जायेगी। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालें अधिकारियों/कर्मचारियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही पर विचार किया जायेगा।
इन लोगों के भी चालान के निर्देश
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) द्वारा हेलमेट, सीटबेल्ट, मोबाइल फोन/इयर फोन का प्रयोग, नशे में व गलत दिशा में वाहन चालन, ओवरस्पीड, स्टंटिंग के विरुद्ध परिवहन तथा पुलिस विभाग द्वारा चालान की कार्यवाही करते हुए वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलम्बन की कार्यवाही बढ़ाये जाने के निर्देश दिये गये। साथ ही चिकित्सा विभाग को गुड सेमेरिटन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं शिक्षा विभाग द्वारा बैठक में प्रतिभाग न करने पर जिला विद्यालय निरीक्षक आगरा को चेतावनी निर्गत किये जाने के निर्देश दिये गये।