आगरालीक्स…आगरा में ताज साहित्य उत्सव 10.11 जनवरी को, अभिनेता राजपाल यादव, गीतकार पंछी जालौनवी, शायरा मुमताज नसीम सहित कई हस्तियां आएंगे…जानिए कार्यक्रम की पूरी डिटेल
ताज नगरी आगरा में 10-11 जनवरी को फिल्म, साहित्य और संगीत की त्रिवेणी बहेगी। गोयनका साहित्य अकादमी द्वारा जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में आयोजित होने जा रहे दो दिवसीय इंटरनेशनल ताज साहित्य उत्सव में गीत गजल की महफिल में जहां देश के जाने माने कवि-शायर अपनी कल्पना की उड़ान को शब्दों के जाल में बुनकर प्रस्तुत करेंगे। वहीं फिल्म अभिनेता राजपाल यादव, फिल्म गीतकार पंछी जालौनवी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विदेशी मेहमान शायरा डॉ वाला जमाल और कपिल शर्मा शो फेम शायरा मुमताज़ नसीम की ताज साहित्य उत्सव के महामंच पर मौजूदगी विभिन्न सत्रों में आयोजित कार्यक्रम को यादगार बनाएगी।
यह जानकारी कार्यक्रम स्थल पर आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में ताज साहित्य उत्सव के संयोजक कवि पवन आगरी एवं समन्वयक प्रिंसिपल पुनीत वशिष्ठ ने दी। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन 10 जनवरी को दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक और 11 जनवरी को सुबह 10 से शाम 7 बजे तक फिल्म, साहित्य, शिक्षा व संगीत पर विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जानी मानी हस्तियों के साथ नए चेहरे और भविष्य के सितारे भी मंच साझा करेंगे। कलम के पथ (सृजन से प्रशासन तक) सत्र में जहां साहित्य से जुड़े तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अपनी काव्य प्रस्तुति देंगे वहीं वायरल मंच के शब्द साधक में वर्चुअल दुनिया के जाने माने चेहरे मंच पर अपना जलवा बिखेरेंगे।
इन विशेष सत्रों के संचालन की जिम्मेदारी मशहूर टीवी एंकरों अनुराग मुस्कान, पंकज शर्मा, पीयूष पांडेय और डॉ कुमार मनोज निभायेंगे.. कार्यक्रम का शुभारम्भ मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान और डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय करेंगे.. भारत सरकार के केबिनेट राज्य मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल शाम को फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के साथ मिलकर मेजबान सांसद होने के नाते इस उत्सव में पधार रहीं सेलिब्रिटीज को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ आईएस डॉ हरिओम (लखनऊ), पवन कुमार (दिल्ली), डॉ अखिलेश मिश्रा (लखनऊ) और आलोक यादव (दिल्ली) की सहभागिता कार्यक्रम में चार चाँद लगायेगी.. आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मार्गदर्शक पूरन डावर, संरक्षक सुरेशचंद्र गर्ग और एडवाइजर कुलदीप ठाकुर ने सभी साहित्य प्रेमियों को इस उत्सव में आमंत्रित किया है..
10 जनवरी के कार्यक्रम
-दोपहर 2 बजे उद्घाटन
-दोपहर 2.30 बजे अभिनेता राजपाल यादव को गोयनका साहित्य रत्न अवार्ड।
-दोपहर 3.30 बजे से गीत गजल का कारवां
-शाम 5.30 बजे फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के साथ फिल्म साहित्य व संगीत
-शाम 7 बजे बुक लॉन्च व मोमेंटो सेरेमनी।
11 जनवरी के कार्यक्रम
-सुबह 10 बजे शुभारम्भ।
-सुबह 10.30 बजे लेखक गांव के संस्थापक डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को गोयनका साहित्य अकादमी अवार्ड।
-सुबह 11 बजे से साहित्य, शिक्षा व राजनीति, शिक्षा गौरव अवार्ड।
-दोपहर 12 बजे से कलम का पथ-सृजन से प्रशासन तक।
-दोपहर 2 बजे- से लेखनी के उभरते नक्षत्र।
-दोपहर 3 बजे से वायरल मंच के शब्द साधक।
-शाम 4 बजे से सितारे जमीन परः सृजन की सच्ची उड़ान।
-शाम 5 बजे से शायरी के सरताज (अदब की महफिल)।
-शाम 6.30 बजे ताजनगरी के चमकते सितारे।
-शाम 7 बजे बुक रिकोगनिशेन अवार्ड।