आगरालीक्स… आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर इटावा के उसराहार थाना क्षेत्र में आज सुबह सड़क के सहारे खड़े डंपर से एक के बाद एक दस वाहन टकरा गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को सैफई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गलत दिशा में खड़ा था डंपर
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज सुबह उसराहार क्षेत्र के चैनल 130 के आगरा से लखनऊ जाने वाली लेन पर एक डंपर गलत दिशा से आकर खड़ा हो गया। घने कोहरे के कारण सबसे पहले तेज रफ्तार मेटाडोर टकरा गई। इसके बाद एक के बाद एक करीब दस गाड़ियां एक दूसरे से टकरा गई। तेज रफ्तार गाड़ियों की भिड़ंत से हुई आवाज पर पास में ही स्थित पुलिसचौकी के कर्मी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
छह की हालत नाजुक
गाड़ियों में बुरी तरह से फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में रोहित पुत्र पातीराम निवासी हरियाणा, हीरालाल व डौलू पुत्र राधेश्याम निवासी राजस्थान की मौत हो गई। घायलों को सैफई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां छह की हालत नाजकु बताई गई है। हादसे में मृत लोग मछली औऱ मुर्गियों से लदी मेटाडोर में सवार थे।