आगरालीक्स ….आगरा की दुल्हन ठग, शादी के अगले दिन ही पेट दर्द की कहकर हुई रफूचक्कर। पुलिस ने अरेस्ट कर भेजा जेल।
आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के गला रामबल के रहने वाले अनिल कुमार का कहना है कि उसके रिश्तेदार राजेश दोहरे ने शादी कराने के लिए सासनी के रहने वाले सुनील से मिलवाया, सुनील ने प्रदीप से मुलाकात कराई। प्रदीप ने अनिल को एक युवती दिखाई वह उसे पसंद आ गई।
70 हजार रुपये लिए, तब हुई शादी
अनिल का आरोप है कि युवती ने अपना नाम माही उर्फ मनी उर्फ रजनी बताया, कहा कि उसके परिजन गरीब हैं। शादी का खर्चा उसे ही उठाना पड़ेगा, उससे 70 हजार रुपये ले लिए और 20 हजार रुपये की और मांग की। मंदिर में शादी हो गई, शादी में युवती के भाई भाभी और बहन भी शामिल हुए और वे भी युवती के साथ अनिल के घर आ गए।
रास्ते से हो गई गायब
अगले दिन सुबह युवती ने कहा कि उसके पेट में दर्द हो रहा है, वे उसे डॉक्टर को दिखाने के लिए लेकर गए। इस दौरान युवती किसी से फोन पर बात करती थी, मौका मिलते ही युवती रास्ते से गायब हो गई। अनिल ने थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष ट्रांस यमुना सुमनेश विकल का कहना है कि युवती को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।