आगरालीक्स.. आगरा में 40 लाख कैश और ज्वैलरी चोर ले गए, कॉलेज प्रबंधक के घर चोरी के बाद से गार्ड अपने बेटे सहित फरार है, पुलिस छानबीन में जुटी है। से
जगदीश पुरा के अवधपुरी कृष्णा बाग कॉलोनी निवासी सुनील कुमार गौतम का खंदौली के सोरईं में महाविद्यालय है। सुनील गौतम 10 मार्च को अपने 11 महीने के बेटे सुखांश का मुंडन संस्कार कराने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा देवी मंदिर गए थे। निर्माणाधीन कॉलेज के गार्ड सुबोध पांडे को घर पर छोड़ गए थे। नौकर रवि कोठी के सामने वाले मकान में रहता है।
नौकर ने मंगलवार आधी रात को कोठी का मुख्य दरवाजा खुला देखा। उसने गार्ड सुबोध को आवाज दी तो कोठी से एक युवक को निकलकर भागते देखा। नौकर अंदर गया तो कमरों के दरवाजों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। बाहर भागकर आया तो गार्ड सुबोध भी गायब था। नौकर ने भाजपा नेता मोहन सिंह चाहर और पुलिस को सूचना दी। दोनों मौके पर पहुंच गए। चोरी में गार्ड की मिलीभगत होने की आशंका पर पुलिस उसके फ्रीगंज स्थित कमरे पर गयी। वहां पता चला कि सुबोध अपने बेटे को आधी रात को लेकर भाग गया। जानकारी होने पर बुधवार दोपहर सुनील कुमार भी लौट आए।
बताया कि कॉलेज निर्माण के चलते 40 लाख रुपये घर में रखे थे। चोर इन रुपयों के अलावा करीब डेढ़ किलो सोने के पुश्तैनी आभूषण ले गए। इनमें हीरे के भी कई सेट हैं। पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड को बुलाया लेकिन वह चोरों का सुराग नहीं दे सका। पुलिस नौकर समेत तीन लोगों से पूछताछ कर रही है। सीओ चमन कुमार चावड़ा के अनुसार चोरों का सुराग हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फाइल फोटो