आगरालीक्स…. आगरा के एमजी रोड से होकर जा रहे हैं तो यह खबर पढ लें, जाम में फंस सकते हैं, एक किलोमीटर घूमना पड सकता है। यातायात में बदलाव किया है।
हरीपर्वत चौराहे पर जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को प्रयोग के तौर पर देहलीगेट से एमडी जैन कालेज की ओर जाने वाले मार्ग के डिवाइडरों पर बेरीकेडिंग कर दी थी। इसकी वजह से देहली गेट और सेंटजोंस कालेज की ओर से आने वाले वाहनों को संजय प्लेस के शहीद स्मारक कट के पास से मुड़कर वापस आना पड़ रहा था, जिससे वाहन चालकों को जाम के साथ परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शनिवार को लॉकडाउन को देखते हुए व्यवस्था में फिर बदलाव किया अब हरीपर्वत चौराहे से सेंटजोंस कालेज जाने वाले पुल पर भी बेरीकेडिंग कर दी है। इसके कारण एमडी जैन कालेज की ओर आने वाले वाहन चालक को देहलीगेट पर जाना है तो उसे हरीपर्वत चौराहे से सेंटजोंस कालेज तक जाना होगा, वहां से मुड़कर वापस देहलीगेट जाना होगा। इससे उसका करीब आधा से पौन किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
सोमवार को बिगड जाएंगे हालात
मिनी लॉकडाउन के कारण शनिवार और रविवार को तो यह व्यवस्था काम कर जाएगी लेकिन सोमवार को लॉकडाउन खुलने पर वाहन चालकों को और खासी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। कुछ लोग इस व्यवस्था को कोसते नजर आए। वाहन चालकों का कहना था कि पेट्रोल महंगा हो रहा है। जाम और लंबे चक्कर के कारण उन्हें नुकसान उठाना होगा। शहर का मुख्य मार्ग होने के कारण वाहन चालकों को इस रोड से कई-कई चक्कर लगाने पड़ते हैं।
हरीपर्वत चौराहे पर जाम ना लगे, इसके लिए किया गया प्रयोग
नई यातायात व्यवस्था के बारे यातायात निरीक्षक सतीश राय ने बताया कि हरीपर्वत चौराहे की जाम की समस्या से निपटने के लिए शनिवार को लागू की गई व्यवस्था सोमवार को भी जारी रहेगी। उस दिन की स्थित को देखने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों और नागरिकों से अनुरोध किया है कि जाम से निपटने में पुलिस प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करें।