आगरालीक्स…आगरा में पुलिसकर्मियों ने ट्रांसपोर्टर को बुरी तरह से डंडे से पीटा। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। मेयर और विधायक भी पहुंचे। आक्रोशित व्यापारियों ने किया हंगामा। एसएसपी ने की कार्रवाई। दोनों पुलिसकर्मियों को किया निलंबित।
दवा लेने निकले थे
कमला नगर के ब्लॉक सी 32 में राकेश गुप्ता रहते हैं। राकेश गुप्ता का ट्रोसपोर्ट का व्यवसाय है। उनके छोटे भाई संजयगुप्ता न्यूरो सर्जन हैं। राकेश ने बताया कि आज सुबह करीब नौ बजे वह दवा लेने के लिए स्कूटर से जा रहे थे। आगे चेकिंग हो रही थी, उनके पास हेलमेट नहीं था तो वह हेलमेट लेने के लिए वापस घर के लिए स्कूटर मोड कर ले जाने लगे।
डंडे से पिटाई का आरोप
राकेश गुप्ता का आरोप है कि घर के गेट पर पहुंचते ही दो पुलिसकर्मी बाइक से पीछे आ गए। उन्होंने बिना कुछ पूछे डंडे से उनकी पिटाई करना शुरू कर दी। इससे उनके चोट आ गई। कॉलोनी वाले भी बाहर आ गए। इधर ट्रांसपोर्टर की पिटाई की सूचना पर व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। जानकारी होने पर मेयर नवीन जैन और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी मौके पर पहुंच गए।
एसएसपी ने किया निलंबित
सिपाहियों द्वारा मारपीट करने की जानकारी होने पर एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद मौके पर पहुंचे गस। मेयर ने उन्हें ट्रांसपोर्टर के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा की गयी पिटाई की जानकारी दी। एसपी सिटी को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई। दोपहर में एसएसपी बबलू कुमार ने बताया ट्रांसपोर्टर को डंडे से पीटने के आरोपित हैड कांस्टेबिल राकेश शर्मा और कांस्टेबिल दिनेश को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
सोशल मीडिया में पिटाई का वीडियो वायरल
इधर ट्रांसपोर्टर के साथ पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो देखने के बाद ही एसएसपी ने कार्रवाई की है। वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी बारी-बारी से ट्रांसपोर्टर को डंडे से पीट रहे हैं। इस बीच परिवार की महिला उन्हें बचाने के लिए गेट खोलकर बाहर गेट खोलकर की ओर आ रही है।