आगरालीक्स…आगरा में दो और शिक्षकों की हुई कोरोना से मौत. पंचायत चुनाव की ड्यूटी के बाद हुए थे संक्रमित. अब तक इतने शिक्षकों ने गंवाई जान….
आगरा में पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने के बाद कोरोना संक्रमित हुए शिक्षकों की मौत का सिलसिला जारी है. शनिवार को भी आगरा में दो ओर शिक्षकों ने इस बीमारी के कारण दम तोड़ दिया. इनमें एक शिक्षक शमसाबाद ब्लॉक से है तो वहीं दूसरा शिक्षक सैंया ब्लॉक का है. ये दोनों ही सहायक अध्यापक थे.
शनिवार को इन शिक्षकों की हुई मौत
आगरा में शनिवार को शमसाबाद ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक कंपोजिट विद्यालय लहरा प्रथम में तैनात सहायक अध्यापक विजयपाल का निधन हो गया. परिजनों का कहना है कि पंचायत चुनाव में ड्यूटी के बाद इनकी तबियत बिगड़ती गई. एचआर सीटी में उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई. हालत में कोई सुधार न होने के कारण इन्होंने दम तोड़ दिया.
वहीं सैंया ब्लाक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिकंदरपुर में तैनात सहायक अध्यापक हेमंत शर्मा का भी निधन शनिवार को हुआ है. परिजनों ने बताया कि उन्हें भी काफी परेशानी हो रही थी. प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री बृजेश दीक्षित का मीडिया से कहना है कि चुनाव में ड्यूटी के दौरान अब तक जिले में 23 शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी अपनी जान गंवा चुके हैं. लेकिन शासन को सिर्फ चार ही लोगों की रिपोर्ट भेजी गई है. उन्होंने इनके परिजनों के लिए सहायता की मांग की है.