आगरालीक्स (राम कुमार शर्मा)… ‘बाइस में बाइसिकल’ स्लोगन में है दम, सपा से आगरा की एक सीट पर प्रत्याशी तय तो आठ के लिए 75 आवेदन, प्रदेश भर से 7600 आवेदन, आवेदनकर्ताओं ने जमा किए 30 करोड़ 40 लाख रुपये।
यूपी में 2022 में बाइसिकल स्लोगन के साथ एंटी इनकंबेंसी, किसान आंदोलन तथा बढ़ती महंगाई से सपा के लिए माहौल बनने लगा है। आगरा सहित प्रदेश के सभी जिलों से सपा से चुनाव लड़ने के लिए मारामारी मची हुई है। नतीजतन, सपा से चुनाव लड़ने के लिए प्रदेश की 403 सीटों के लिए पार्टी में 7600 से अधिक आवेदन आ चुके हैं।
आगरा की आठ सीटों के लिए 75 आवेदन
आगरा की एत्मादपुर सीट पर बसपा से पूर्व विधायक रह चुके डॉ. धर्मपाल सिंह ने दावेदारी की थी, उनके नाम पर मुहर लग चुकी है, इसलिए एत्मादपुर सीट से फिलहाल कोई आवेदन नहीं आया है। इसके अलावा आगरा की आठ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए 70 आवेदन मिले हैं। सबसे ज्यादा आवेदन देहात की फतेहाबाद विधानसभा सीट के लिए आए हैं, यहां से पार्टी को 15 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जबकि छावनी विधानसभा सीट के लिए 12 आवेदन पार्टी को प्राप्त हो चुके हैं। सपा के महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना है कि आठ विधानसभा सीटों के लिए 75 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

आवेदन करने वालों से जमा कराए जा रहे 40 हजार रुपये
समाजवादी पार्टी ने प्रदेश स्तर पर टिकट चाहने वालों से एक फार्म भरवाया है। फार्म के साथ आवेदनकर्ता को 40 हजार रुपये भी जमा करवाए गए हैं। इसमें से 20 हजार रुपये समाजवादी पार्टी की मेगजीन समाजवादी बुलेटिन का आजीवन शुल्क है। दस हजार रुपये पार्टी का सक्रिय सदस्यता शुल्क तथा दस हजार रुपये फार्म की कीमत रखी गई थी।
7600 आवेदन, 30 करोड़ 40 लाख रुपये जुटाए
प्रदेश भर की 403 सीटों के लिए 7600 आवेदन आए हैं। हर आवेदनकर्ता से 40 हजार रुपये जमा कराए गए हैं। इस तरह पार्टी फंड में 30 करोड़ 40 लाख रुपये जमा हुए हैं। अभी आवेदन करने वालों की संख्या कम नहीं हुई है।
आगरा में अलग -अलग विधानसभा सीटों के लिए आवेदन
फतेहाबाद विधानसभा- 15
छावनी विधानसभा -12
बाह विधानसभा -10
फतेहपुरसीकरी विधानसभा- 10
दक्षिण विधानसभा- 08
उत्तर विधानसभा- 07
खेरागढ़ विधानसभा- 06
आगरा ग्रामीण -07