आगरालीक्स…अजब गजब, 75 साल के बुजुर्ग से प्यार कर बैठी 30 साल की इंस्टाग्राम ब्लॉगर. सगाई हुई अब शादी की चल रही तैयारियां…
यूपी के औरैया जिले से एक अजब गजब खबर सामने आई है. औरैया की रहने वाली 30 साल की चर्चित इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत एक बुजुर्ग रामसुगर को अपना दिल दे बैठी है. सहार ब्लॉक के अरियारी गांव में रहने वाले रामसुगर 75 साल के हैं. बड़ी बात ये है कि दोनों ने सगाई कर ली है और अब शादी की तैयारियां चल रही हैं. सोशल मीडिया पर इन दोनों की प्रेम कहानी की चर्चा इस समय जोरों पर हैं.
रामसुगर की बेटी की सहेली है रानी
वृद्ध रामसुगर ने बताया कि रानी राजपूत का उनके घर पिछले दो साल से लगातार आना जाना था. रामसुगर की बेटी राधा जो कि खुद एक यूट्यूबर है, वो और रानी अक्सर वीडियो घर पर शूट करते थे. राधा के साथ वीडियो शूटिंग के दौरान ही रानी का रामसुगर के घर आना जाना बढ़ा और धीरे धीरे मुलाकातों का यह सिलसिला प्यार में बदल गया. रामसुगर की पत्नी का निधन सात साल पहले हो चुका है.
सगाई हुई और अब शादी की तैयारी
बेटी राधा ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब एक सप्ताह पहले औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में उनके पिता रामसुगर और रानी राजपूत की सगाई हुई है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद से वायरल है. परिजनों के अनुसार जल्द ही दोनों पूरे रीति रिवाजों और परंपराओं के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे.