यूपीलीक्स…यूपी के वाराणसी में दर्दनाक घटना, चाइनीज मांझे से साड़ी कारोबारी की गर्दन कटी. सड़क पर तड़प तड़प कर हुई मौत. किडनी खराब बेटे के ठीक होने की मन्नत मांगने गए थे मंदिर…मुकदमा दर्ज
यूपी के वाराणसी में चाइनीज मांझे से साड़ी कारोबारी की दर्दनाक मौत हुई है. बाइक से आ रहे कारोबारी के गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया जिससे उनकी गर्दन कट गई. बीच सड़क पर कारोबारी की तड़प तड़प कर मौत हो गई. पिता की तहरीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. यूपी में चाइनीज मांझे से यह 20 घंटे के अंदर दूसरी मौत है. एक दिन पहले शनिवार को गोरखपुर में भी एक 35 साल के युवक की चाइनीज मांझे से मौत हुई है.
बेटे के ठीक होने के लिए गए थे मंदिर
परिजनों के अनुसार साड़ी कारोबारी के बेटे की किडनी खराब है और आज नवरात्र के पहले दिन वह बेटे के ठीक होने की मन्नत मांगने बाइक से मंदिर गए थे. रविवार सुबह 9 बजे लौटते वक्त कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर हादसा हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक मांझा उनकी गर्दन में लिपट गया जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक उनकी गर्दन कट चुकी थी. लहूलुहान हालत में कुछ लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
यूपी में चाइनीज मांझे पर पिछले 10 साल से प्रतिबंध है. इसके बावजूद चाइनीज मांझे से घटनाएं सामने आती रहती हैं. इसी साल फरवरी में योगी सरकार कह चुकी है कि चाइनीज मांझे से मौत पर हादसा नहीं, बल्कि हत्या की एफआईआर दर्ज होगी.