आगरालीक्स… आगरा में शहीद सिपाही देवेंद्र का अंतिम संस्कार तीन साल की बेटी ने किया, अंतिम विदाई में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।
कासगंज में शराब माफिया को पकडने गए सिपाही की हत्या कर दी थी और दरोगा घायल हैं। पुलिस ने शराब माफिया मोती सिंह के भाई एकरार को मुठभेड में ढेर कर दिया, शराब माफिया की धरपकड के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं।
आगरा के डौकी क्षेत्र के गांव बिंदू निवासी सिपाही देवेंद्र सिंह जसावत कासगंज के थाना सिढपुरा पर तैनात थे। नौ फरवरी को बाइक से दरोगा अशोक कुमार सिंह और सिपाही देवेंद्र सिंह नकली शराब की सूचना पर गांव धीमर पहुंचे। यहां शराब माफिया मोती सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिपाही देवेंद्र और दरोगा अशोक सिंह को पेड पर बांधकर पीटा, इससे सिपाही देवेंद्र की मौत हो गई। जबकि दरोगा अशोक सिंह मेडिकल कालेज अलीगढ में भर्ती हैं।
बेटी ने दी अंतिम विदाई
देवेंद्र सिंह डौकी के नगला बिंदू के रहने वाले हैं, उनके पिता किसान है और इकलौते बेटे थे। देवेंद्र सिंह की 2016 में शादी हुई थी। तीन साल की बेटी वैष्णवी और एक तीन महीने की बेटी है। देवेंद्र की छोटी बहन प्रीति की 22 मई को शादी होनी है। शहीद देवेंद्र का पार्थिव शरीर दोपहर में गांव बिंदू पहुंचा। यहां उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए तमाम लोग पहुंच गए। उनकी तीन साल की बेटी वैष्णवी ने अंतिम संस्कार किया।