आगरालीक्स…#(वीडियो) आगरा रीजन में बड़ा हादसा. बस स्टैंड पर खचाखच यात्रियों से भरी बस में लगी आग. मोटापे के कारण यात्री जिंदा जला.
आगरा रीजन के मथुरा में सोमवार देर शाम को बड़ा हादसा हो गया. यहां यात्रियों से भरी एक खचाखच बस में अचानक आग लग गई. आग की चपेट में आकर एक यात्री जिंदा जल गया. 15 मिनट के अंदर बस पूरी तरह से जलकर, उसके टायर फट गए. सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया. आग से यात्रियों का पूरा सामान भी जल गया है.
तीन घंटे से बस का इंतजार कर रहे थे यात्री
अलीगढ़ से 60 सवारियों को लेकर यूपी रोडवेज की एक बस मथुरा के लिए निकली थी. सोमवार शाम को बस मथुरा के बुद्ध विहार डिपो पर पहुंची. मथुरा में अलीगढ़ जाने के लिए तीन घंटे से यात्री बस का इंतजार कर रहे थे. ऐसे में जब बस यहां पहुंची तो सवारियां भी चढ़ना शुरू हो गईं. इस दौरान चालक तेजवीर और परिचालक सुरेश बस को बंद कर कुछ दूर चले गए. हादसे के वक्त बस में करीब 50 सवारियां थीं. तभी अचानक बस के बोनट में शार्ट सर्किट से आग लग गई. आग बस में फैलती देख अंदर बैठी सवारियों में हड़कंप मच गया. कई लोग उतरकर भागने लगे तो कई खिड़कियों से कूद गए. इस दौरान पीछे बैठे यात्रियों को जब निकलने के लिए रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने पीछे का शीशा तोड़कर बस में से कूदना शुरू कर दिया, लेकिन बस में बैठा एक व्यक्ति् समय से बस के अंदर से बाहर नहीं निकल पाया और वह आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया. मृतक खाकी रंग का पेंट पहना हुआ था.
इधर सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई. बस के टायर भी आग से फट गए इससे वहां लोगों में दहशत मच गई. दमकल की गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल गई और उसमें रखा कई यात्रियों का सामान भी जल गया. बस में जिंदा जले यात्री की पहचान नहीं हो सकी है. कई यात्रियों के झुलसने की भी खबर है.
मोटापे के कारण नहीं निकल सका
बताया जाता है कि बस में जिंदा जला व्यक्ति बस की सबसे अंतिम सीट पर बैठा हुआ था. आग लगने पर कई लोग शीशा तोड़कर बाहर निकल गए लेकिन मोटापे के कारण एक यात्री नहीं निकल पाया और वह आग की चपेट में आ गया. फायर स्टेशन आफिसर के अनुसार बस में बैटरी में शार्ट सर्किट से आग लगी है. इसमें फायरमैन आकाश भी झुलस गया है.