आवास विकास के सेक्टर-1 में मीनाक्षी पैलेस स्थित सब रजिस्ट्रार सचीश समाधिया इटावा के जसवंत नगर तहसील में निबंधन कार्यालय में सब रजिस्ट्रार हैं। सीओ बलधारी सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस की 10 सदस्यीय टीम सुबह नौ बजे पहुंची। दोपहर एक बजे तक घर की तलाशी ली। बलधारी सिंह ने बताया कि कोर्ट ने सर्च वारंट जारी किया था। इसमें यह देखा गया कि आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज होने के बाद समाधिया ने कोई चल या अचल संपत्ति तो अर्जित नहीं की है।
उन्होंने बताया कि छापे में ऐसी कोई संपत्ति प्रकाश में नहीं आई। आय से अधिक केस की जांच चल रही है। उधर, छापे के दौरान एसडीए, सीओ, दो इंस्पेक्टर और पीएसी भी मौजूद रही। विजिलेंस टीम ने छापे की वीडियोग्राफी भी कराई है। गौरतलब है कि विजिलेंस ने पिछले साल लंबी जांच पड़ताल के बाद समाधिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज कराया था। उनके खिलाफ हत्या का एक पुराना केस भी खोला गया है। इसके खिलाफ उन्होंने रिवीजन दाखिल किया है।
Leave a comment