आगरालीक्स.. आगरा में एक घर से पुलिस ने युवती को बंधक मुक्त कराया, वह प्रेमी से शादी करना चाहती है, परिजनों ने उसे एक महीने से घर में कैद कर रखा था।
जगदीशपुरा क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय युवती एमए कर चुकी है। उसके लगभग छह वर्ष से दूसरे मजहब के युवक से प्रेम संबंध हैं। दोनों शादी करना चाहते हैं। उनके संबंधों की जानकारी होने पर परिजनों ने युवती पर पाबंदी लगा दी। इसके बावजूद युवती ने प्रेमी के साथ शादी की जिद नहीं छोड़ी। इस पर करीब एक महीने से परिजनों ने उसे घर में ही बंधक बना कर रखा था। युवती ने मौका मिलने पर कागज के टुकड़े पर अपने को बंधक बनाने की बात लिखकर किसी तरह एक सामाजिक संस्था के पास पहुंचा दी।
सामाजिक संस्था ने मंगलवार आधी रात पुलिस की मदद से युवती को उसके घर से मुक्त कराया। युवती को जगदीशपुरा थाने लाया गया।
युवती को मनाते रहे परिजन
परिजनों के साथ हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। वे युवती को मनाने और समझाने की कोशिश करते रहे। युवती ने घर लौटने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने युवती को आधी रात को ही आशा ज्योति केंद्र भेज दिया। बुधवार सुबह आशा ज्योति केंद्र पर युवती के परिजनों को बातचीत के लिए बुलाया गया। बड़ी संख्या में लोग आशा ज्योति केंद्र पहुंच गए। राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित और केंद्र के काउंसलर ने युवती और उसके परिजनों से बातचीत की। युवती ने खुद को बालिग बताते हुए परिजनों के साथ जाने से मना कर दिया। मामले का निस्तारण होने तक उसे फिलहाल आशा ज्योति केंद्र पर रखा गया है।