आगरालीक्स(29th August 2021 Agra News)… गर्भ में आए शिशु का गर्भपात कराने का आपको कोई अधिकार नहीं. बालिका हो तब भी गर्भपात नहीं कराओगे.
भगवान के जन्म के आगे की कथा सुनाई
रविवार को एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड में अर्हं योग मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर महाराज ने बताया कि तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की कथा में भगवान का जन्म हो चुका है। आज सौधर्म इन्द्र ऐरावत हाथी पर बालक भगवान को लेकर सुमेरू पर्वत की ओर चलता है। वहां स्वर्णमयी रत्न जड़ित कलश से भगवान का अभिषेक करता है। सभी देव भी साथ में चलते हैं। जन्म कल्याणक बहुत बड़ा महोत्सव होता है। यह भगवान पार्श्वनाथ जी की कथा सम्यग्दर्शन की प्राप्ति का कारण है। तीर्थंकरो की महिमा जन्म कल्याणक की महिमा को देखकर सम्यग्दर्शन की प्राप्ति हो जाती है, मिथ्यात्व दूर होता है। पंचकल्याणक की महिमा सबको दिखानी चाहिए, बतानी चाहिए।
भीतर की आंखों से देखोगे तो भगवान के दर्शन होंगे
उन्होंने सुमेरू पर्वत और भगवान के जन्माभिषेक के विषय में बहुत सुंदर और महत्वपूर्ण बाते बताईं। कहा कि आपको भावों से श्रद्धा से ज्ञान से समझना है। आप बाहर की आंखों के साथ साथ भीतर की आंखें, श्रद्धा की आंखों से भी देखोगे तो एक दिन आपको साक्षात तीर्थंकर भगवान के भी दर्शन होगे। अगर किसी के गर्भ में शिशु आया है, वह पुत्री रूप में भी हो तो भी आप पुत्र के मोह बालिका शिशु का गर्भपात नहीं कराओगे। आप नियम लें कि आपको गर्भपात कराने का कोई हक नहीं है। अगर यह पाप हो गया है तो प्रायश्चित जरूर ले लेना।
इन्होंने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ चित्र अनावरण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुनि श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन निरंजनलाल बैनाड़ा ने किया। मुनि श्री 108 चंद्रसागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन ब्रह्मचारी सुनील भैया ने किया। मुनिराज की मंगल आरती सौधर्म इंद्र राजेश सेठी जी ने की। मंच का संचालन मनोज जैन ने किया। मंगलाचरण आशुतोष जैन शास्त्री चेतन जैन शास्त्री, शुभम जैन के द्वारा किया। इस मौके पर आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री सुनील जैन, ठेकेदार अर्थमंत्री राकेश जैन, जितेन्द्र जैन, अनंत जैन, निर्मल मौठया, सतीश जैन, गौरव जैन चौधरी, दिलीप जैन, सतीश जैन मौजूद रहे।