पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी की आगरा में सौदेबाजी
दिल्ली से पुलिसकर्मी की नाबालिग बेटी को जिस्मफरोशी के लिए अगवा करके आगरा लाई महिला और उसके साथी दो साल से सेक्स रैकेट चला रहे थे। उनके चंगुल में आगरा और दिल्ली की एक दर्जन से अधिक युवतियां थीं। वह दिल्ली से पैकेज पर युवतियों को यहां लाने के बाद शहर के विभिन्न होटलों तथा गेस्ट हाउस में भेजते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गुरुवार को जेल भेज दिया।
बुधवार को किले के सामने से लोगों ने टैक्सी चालक की मदद से सदर के मधु नगर क्षेत्र की रामवती उर्फ पिंकी उर्फ गुड़िया और उसके साथी यशवंत उर्फ राजू को दबोच लिया था। उनके कब्जे से दिल्ली के दिलशाद गार्डन से अगवा करके लाई 17 वर्षीय छुटकी को मुक्त कर लिया था।
छुटकी के मुताबिक उसके पिता दिल्ली पुलिस के पूर्व सिपाही हैं। वर्तमान में प्राइवेट नौकरी करते हैं, वहीं मां सीमा दिल्ली में ही कपड़े की फड़ लगाती हैं। पुलिस के पूछताछ करने पर रामवती और यशवंत ने पुलिस को बताया दोनों तीन साल से एक दूसरे के संपर्क में हैं। वह दो साल से सेक्स रैकेट चला रहा थे, दिल्ली और आगरा की एक दर्जन से अधिक युवतियां उनके संपर्क में हैं। आगरा की युवतियों को वह दिल्ली भेजते थे, वहीं दिल्ली की युवतियों को यहां लेकर आते थे। उनको सात से दस दिन यहां रखकर विभिन्न होटलों और गेस्ट हाउस में भेजते थे। सारा कारोबार मोबाइल फोन पर चलता था।
एसपी सिटी समीर सौरभ के मुताबिक रामवती और यशवंत के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी की जा रही है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।