आगरालीक्स….(15 June 2021 Agra News) यूपी बोर्ड 12वीं के रिजल्ट में अगर आपके कम नंबर आते हैं तो आप इस तरह खुद को कर सकते हैं साबित
उत्तर प्रदेश में 12वीं बोर्ड के स्टूडेंट्स के लिए खुशखबर. प्रदेश सरकार ने इस बार बोर्ड की परीक्षाएं कराए बगैर स्टूडेंट्स को प्रमोट करने की घोषणा के साथ ही इसके लिए फार्मूला तैयार कर रही है. प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मंत्री उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि इस बार जो फार्मूला तैयार किया जा रहा है, उसके लिए सुझाव मांगे गए हैं. लाखों लोगों ने अपने सुझाव भेज भी दिए हैं. इन सुझावों के अध्ययन और परीक्षण के बाद 12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों केे रिजल्ट के लिए कोई सर्वमान्य फार्मूला तय कर अंक दिए जाएंगे.
डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो स्टूडेंट और उनके अभिभावक इस फार्मूले पर सहमत नहीं होंगे, उनके लिए मिड टर्म परीक्षा के जरिए एक और मौका दिया जाएगा. सरकार द्वारा तय फार्मूले से प्राप्त अंकों से असंतुष्ट स्टूडेंट्स इस वर्ष या अगले वर्ष के शुरू में मिड टर्म एग्जाम दे सकेंगे. मिड टर्म एग्जाम में प्राप्त अंकों को उनकी माक्र्सशीट में अपडेट कर दिया जाएगा. यानी कम नंबर पाने वाले छात्रों को अपने नंबर सुधारने का एक और मौका दिया जाएगा.