आगरालीक्स…आगरा से 14 सैंपल भेजे गए थे, इनकी रिपोर्ट आ गई है, रविवार को 18 सैंपल भेजे गए हैं। विदेश से लौटे लोग 14 दिन घर में रहेंगे, बाहर निकलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आगरा से शनिवार को एसएन में भर्ती कोराना संक्रमित युवती सहित 14 के सैंपल भेजे गए थे, इसमें से 13 की रिपोर्ट निगेटिव आई है और कोरोना संक्रमित युवती की रिपोर्ट अभी पॉजिटिव है, इसे भर्ती हुए 14 दिन का समय भी पूरा नहीं हुआ है इसलिए युवती के दोबारा सैंपल भेजे जाएंगे। रविवार को 26 लोगों की स्क्रीनिंग की गई और 18 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं।
आठ में कोरोना की पुष्टि के बाद आठ दिन में नहीं आया कोई नया मामला
आगरा में दो मार्च से अभी तक आठ मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें से इटली से लौट कर कर आए खंदारी निवासी जूता कारोबारी के दोनों बेटों के बाद उनके पिता जूता कारोबारी, और बडे बेटे की पत्नी, नाती, जूता फैक्ट्री में मैनेजर और मैनेजर की पत्नी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी, दिल्ली में इलाज के बाद ये घर आ चुके हैं। आठवां केस 13 मार्च को बेंगलुरु से आगरा अपने मायके में आई युवती का था, यह अपने पति के साथ यूरोप सहित कई देश घूमने के बाद बेंगलुरु पहुंची और वहां से नौ मार्च को आगरा आई थी। युवती का एसएन के आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा है। आठ दिन में कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला नहीं आया है।
आगरा में 25 मार्च तक लॉक डाउन
आगरा में आठ केस आने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगरा में 23 से 25 मार्च तक लॉक डाउन किया है। आगरा के साथ ही यूपी के आगरा, गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ, गोरखपुर, नोएडा, मुरादाबाद, प्रयागराज, आजमगढ़, अलीगढ़, बरेली, सहारनपुर, वाराणसी और लखीमपुर को लॉक डाउन घोषित किया है। इस दौरान राज्य परिवहन की बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
इमरजेंसी सेवाओं में यह रहेगा खुला
दूध, सब्जी और दवा की दुकानें लॉकडाउन के दौरान खुले रहेंगे।
अस्पताल और क्लीनिक भी इस दौरान खुले रहेंगे।
इसके अलावा राशन की दुकानें भी खुली रहेंगी।
किसी बेहद जरूरी काम के लिए भी प्रशासन की ओर से छूट मिल सकती है।
बैंकों के कैश से जुड़ी सुविधाएं जारी रहेंगी। टेलिकॉम, इंटरनेट और डाक सेवा जारी रहेंगी।
सरकार ने पेट्रोल पंपों और एटीएम को आवश्यक श्रेणी में रखा है।
ये आ जा सकेंगे
पुलिस का काम जारी रहेगा। साथ ही कानून-व्यवस्था को लागू कराने वाले विभाग भी काम करेंगे।
स्वास्थ्यकर्मियों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों का काम भी जारी रहेगा।
जेल विभाग और बिजली व पानी के दफ्तरों में भी काम जारी रहेगा।
नगर निगम के साफ सफाई या कूड़ा उठाने जैसे काम भी चलते रहेंगे। इसके अलावा जेल विभाग के काम भी चलते रहेंगे।
मीडियाकर्मियों को भी इस दौरान आने जाने की छूट होगी।