आगरालीक्स…जम्मू कश्मीर में लश्कर के तीन आतंकवादी ढेर. सुरक्षाकर्मियों को मिली बड़ी कामयाबी
जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. सुरक्षाबलों ने लश्कर के तीन आतंकवादियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. पहलगाम हमले के बाद सुरक्षाबलों को यह बड़ी कामयाबी मिली है. जानकारी के अनुसार दक्षिण कश्मीर के शोपियां के शुकरू केलर इलाके में मंगलवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ हुई. तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर ए तैयबा के दहशतगर्तों को घेरा.दोेनों तरफ से काफी देर तक फायरिंग होती रही. सुरक्षाबलों ने पहले एक आतंकी को ढेर किया और इसके कुछ समय बाद ही दो और आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा. बता दें कि पहलगाम हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने लगातार अभियान चलाया हुआ है.
पहलगाम आतंकियों के पोस्टर लगाएइससे पहले मंगलवार को ही पहलगाम आतंकी हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों के शोपियां जिले के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए. आतंकियों की सूचना सुरक्षा बलों को देने वाले को 20 लाख का इनाम भी दिया जाएगा. तीनों पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश तेज कर दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि इनमें से दो आतंकियों की पहचान हो चुकी है जबकि तीसरे की खोज जारी है.