आगरालीक्स…(13 January 2022 Agra News) आगरा में व्यापारी के यहां से 72 कबूतर ही चोरी कर ले गए चोर. असमंजस इस बात का कि कबूतर उड़ाकर चोरी किए या फिर बोरे में भरकर…पढ़िए पूरी खबर
आगरा में चोरी का ऐसा मामला सामने आया है जिसे पढ़कर आप चौंक सकते हैं. अभी तक आपने घर के अंदर से सोने चांदी के जेवरात या कैश, मोबाइल व कीमती सामान चोरी होते हुए ही सुना होगा, लेकिन अगर आपको ये पता लगे कि कोई 72 कबूतर ही चोरी कर ले गया तो आप इससे चौंक जाएंगे. जी हां, आगरा में चोर एक व्यापारी के यहां से 72 कबूतर चोरी कर ले गया है.
यहां का है मामला
मामला थाना छत्ता के जीवनी मंडी इलाके का है. यहां की कृष्णा कॉलोनी में एक व्यापारी रहते हैं जिनका जूतों का फीता बनाने का कारखाना है. उन्हें कबूतरबाजी का शौक है. इसके लिए उन्होंने अपने मकान की दूसरी मंजिल पर एक बड़ा पिंजरा बना रखा है जिसमें इन्होंने महंगी प्रजाति के 72 कबूतर पाले हुए थे जो कि काफी महंगी प्रजाति के बताए गए हैं. व्यापारी रोजाना शाम को कबूतरों को उड़ाते हैं. घनी आबादी में इनके कबूतरों का परवाज काफी प्रसिद्ध भी है.

पिंजरा मिला खुला
बताया जाता है कि बुधवार शाम को व्यापारी कबूतरों को उड़ाने के लिए अपने मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंचा तो देखा कि पिंजरा खुला हुआ है और सारे कबूतर गायब हैं ये देखते ही व्यापारी के होश उड़ गए व्यापारी ने आशंका जताई कि आसपास की छतों से होकर चोर उसके मकान तक पहुंचे और सारे कबूतर चोरी कर ले गए हैं उनहोंने आसपास कॉलोनी में लगे सीसीटीवी भी देखे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है.
असमंजस में सभी लोग
व्यापारी ने इस संबंध में फिलहाल कोई थाने में तहरीर नहीं दी है. लेकिन व्यापारी के साथ अन्य लोग इस बात से असमंजस में है कि चोर कबूतरों को चोरी करके कैसे ले गया कबूतों को उड़ाकर या फिर बोरी में भरकर इसका पता नहीं चल सका है