आगरालीक्स… आगरा में बन रहे फ्लाईओवर से धूल उड़ रही है और प्रदूषण बढ़ रहा है, लोगों की परेशानी के बाद आगरा में पर्यावरण को क्षति पहुंचाने पर एनएचएआई से 6.84 करोड़ का जुर्माना वसूला गया है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा पर्यावरण को क्षति पहुंचाने पर जुर्माना लगाया था। कई और विभागों पर भी जुर्माना लगाया गया है।
आगरा दिल्ली नेशनल हाईवे को सिक्स लेन किया जा रहा है, इसके लिए नेशनल हाईवे आथॉरिटी द्वारा आगरा में फ्लाईओवर सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। इसके लिए हाईवे की खुदाई की जा रही है इससे धूल उड़ रही है और पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। इसकी रोकथाम के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ऐसे में पांच साल में एनएचएआई के कार्यों से आगरा के पर्यावरण को हुई क्षति का आकलन कराया गया। इस आकलन के बाद एनएचएआई पर 6.84 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है।

जमा किया जुर्माना
एनएचएआई द्वारा यूपीपीसीबी द्वारा लगाए गए 6.84 करोड़ के जुर्माने को जमा करा दिया गया है। इससे पहले स्मार्ट सिटी द्वारा 32 लाख रुपये का जुर्माना जमा कराया था। वहीं, कई और विभागों पर भी जुर्माना लगाया गया है, इन विभागों को जुर्माना जमा कराने के लिए नोटिस भेजे गए हैं।