
सशक्त महिला सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष शबाना खंडेलवाल ने कहा महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए सशक्त महिला सेना का गठन किया गया है । इसमें महिलाओं के लिए पीली साड़ी का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है, इसलिए इसे पीला गैंग के नाम से भी जाना जाता है । पीला रंग शक्ति और भक्ति का प्रतीक है । इसलिए इस रंग की साड़ी को ड्रेस कोड बनाया गया है बेरोजगार महिलाअों के लिए नए रोजगार सृजन करना तथा स्कूल-कॉलेज की छात्राओं के साथ रोजाना हो रही छेड़छाड़ और उत्पीड़न को रोकने के लिए सरकार को सुझाव दिए गए हैं । यदि हमारी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो हम अगली बार लाठी, डंडा, बेलन आदि घरेलू हथियारों को लेकर उग्र प्रदर्शन करेंगे ।
दो महीने पहले बने संगठन की लोकप्रियता का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि अलीगढ़, हाथरस, बुलंदशहर, मेरठ, मुजफ्फरनगर आदि जिलों में कार्यकारिणी का गठन किया जा चुका है । आगरा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संगठन की करीब तीन हजार सदस्य बन चुकी हैं । संगठन को मजबूत बनाने के लिए जल्दी ही महिला कॉलेजों के बाहर कैंप लगाकर छात्राओं को सदस्य बनाया जाएगा । उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार किया जाएगा और अलग-अलग जिलो में रैली निकालकर महिलाओं की आवाज को बुलंद किया जाएगा ।
ये हैं मांगे
– महिलाअों के साथ हो रहे यौन शोषण एवं छेड़छाड़ की घटनाओं की शिकायत दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरु की जाए । शिकायतों के निराकरण के लिए डीजीपी कार्यालय में विशेष सेल का गठन किया जाए ।
– सभी शहरों के सिटी बसों में बीच से जाली या ग्लास लगाया जाए ताकि मनचले छेड़छाड़ की घटना को अंजाम नहीं दे सकें ।
– महिला चालकों के लिए टेंपू या टैक्सी का परमिट फ्री किया जाए ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस व्यवसाय से जुड़ सकें ।
Leave a comment