
फाइल फोटो
एसपी सिटी सुशील घुले ने बताया कि गुड्डू उर्फ राहुल हिस्ट्रीशीटर है । गलत नाम पते के आधार पर वह जेल से रिहा हुआ था । इस संबंध में हरीपर्वत थाने पर मुकदमा दर्ज है । उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गैंग बना लिया। संजय शर्मा निवासी आशियाना कॉलोनी नैनाना जाट रोहता, उसका दोस्त था और उसके घर आना जाना था। उसने संजय को पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थित में देख लिया था। संजय ने गांव की जमीन बेची थी और उसके 25 लाख रुपए आए हैं । राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची । 10 जनवरी को वह अपने साथियों के साथ संजय शर्मा के घर पहुंचा और सभी शराब पीने लगे । बातों-बातो में संजय को शराब और भोजन के साथ नशीला पदार्थ खिला दिया । जब संजय बेहोश हो गया तो उसके घर की तलाशी लेने लगे । इसी दौरान संजय होश में आ गया और उसने अपने दोस्तों का विरोध किया । इसपर सभी आरोपियों ने मिलकर संजय को मौत के घाट उतार दिया । संजय के आठ वर्षीय बेटे जेम्स ने हत्या करते हुए देख लिया था । इसलिए आरोपियों ने जेम्स का अपहरण कर लिया ।
पेट्रोल डालकर जलाई लाश
संजय की कार में ही उसकी लाश को रखकर अछनेरा क्षेत्र के किरावली में रेलवे लाइन के किनारे फेंक दिया गया । पहचान मिटाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला भी दिया । बदमाश शशि कार और बच्चा जेम्स को लेकर जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित अपने किराए के मकान में आ गया । बालक जेम्स को डराधमका कर चुप करा दिया था । आरोपियों की साजिश थी कि अकेले चश्मदीद गवाह जेम्स की भी कुछ दिनों बाद हत्या कर दी जाए । भाई जगदीश शर्मा ने संजय शर्मा की हत्या और जेम्स के अपहरण की एफआइआर अछनेरा थाने में दर्ज कराई थी । गैंग के सदस्य एक अन्य बच्चे का अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बना रहे थे उससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गए ।
संजय हत्याकांड के आरोपी गुड्डू उर्फ राहुल पुत्र अमर सिंह, राकेश पुत्र रघुपत, रमेश पुत्र कमल सिंह, सचिन पुत्र शिव सिंह सभी निवासी आगरा को गिरफ्तार किया गया है । इनका एक साथी राज पुत्र शशि निवासी लखनऊ हाल निवासी सिकंदरा फरार है । आरोपियों के पास से मृतक संजय शर्मा की कार फोर्ड फीगो, एसबीआइ का एटीएम कार्ड, कार का इंश्योरेंस पेपर, पर्स, जूते, एक तमंचा ३१५ बोर एवं जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं ।
Leave a comment