आगरालीक्स ..(.Agra News 13th November)..आयकर विभाग की अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में आगरा के ग्रुप का भी नाम, ग्रुप को गिफ्ट में दी गई मर्सिडीज कार, 700 से 800 करोड़ की आयकर चोरी का अनुमान।
गुरुग्राम में किंगडम आफ ड्रीम्स यानी केओडी, 32 माइल्स स्टोन, गीतांजलि होम्स प्राइवेट लिमिटेड और एसएल टूल्स कंपनी के ठिकानों पर तीन दिन से आयकर विभाग की छापेमार कार्रवाई चल रही है। आयकर विभाग की टीमों ने इन कंपनियों के 27 में से 15 ठिकानों पर कार्रवाई की। आयकर टीम के छापे में सामने आया है कि इन कंपनियों और संस्थानों ने जमीन खरीदने के लिए गुरुग्राम, नोएडा, कोलकाता, दिल्ली सहित कई बड़े शहरों के फर्जी पते पर 50 बोगस कंपनियां बनाईं। इस तरह बड़े स्तर पर आयकर की चोरी की गई। आयकर विभाग की टीम इन कंपनियों के बैंकों के लॉकर में जमा रकम और ज्वैलरी की भी जांच कर रही है, इसका आकलन किया जा रहा है।
चार लॉकरों में पांच करोड़ की ज्वैलरी और एक करोड़ कैश
आयकर विभाग की टीम ने इन कंपनियों के बैंकों के लॉकरों की जांच की। टीम ने चार लॉकरों की जांच कर ली है, इन चार लॉकरों में एक करोड़ कैश और पांच करोड़ की ज्वैलरी मिली है।

आगरा के ग्रुप का भी नाम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आयकर विभाग की टीम की जांच में सामने आया है कि गीतांजलि होम्स प्राइवेट लिमिटेड ने फ्लैट सहित अन्य प्रोपर्टीज बिकवाने के लिए आगरा के सिसोदिया ब्रदर्स को गिफ्ट में मर्सिडीज कार दी थी, इसका भी कोई हिसाब नहीं है, जितनी रकम से मर्सिडीज कार खरीदी गई उसे आयकर विभाग की टीम टैक्स चोरी में शामिल कर रही है।
700 से 800 करोड़ की आयकर चोरी का अनुमान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आयकर विभाग की यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, अभी कार्रवाई चल रही है। सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट कह रहीं हैं कि 700 से 800 करोड़ की आयकर चोरी का अनुमान है।