आगरालीक्स…(13 November 2021 Agra News) आगरा के ताज ट्रिपेजियम जोन में प्रदूषण की हालत गंभीर, मेट्रो और स्मार्ट सिटी आगरा के कार्य चलने के कारण धूल उड़ रही है..मेट्रो को नोटिस
एंटी स्मॉग गन खरीदी जाएंगी, मेट्रो को नोटिस
शहर में दिनों दिन बढ़ रहे वायु प्रदूषण से निबटने के लिए प्रशासन एक्शन में आ गया है। हवा में धूल के कणों के शामिल होने से रोकने के लिए एंटी स्मॉग गन खरीदने के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा धूल नियंत्रण के उपाय न करने पर मेट्रो को नोटिस जारी किया गया है। इससे पहले जल निगम पर जुर्माना किया जा चुका है।
ताजमहल का क्षेत्र भी खतरनाक वायु प्रदूषण की चपेट में
ताज ट्रिपेजियम जोन में प्रदूषण की हालत गंभीर हो गयी है। ताजमहल का क्षेत्र भी खतरनाक वायु प्रदूषण की चपेट में हैं। इस समय ताजमहल क्षेत्र में मेट्रो और स्मार्ट सिटी आगरा के कार्य चल रहे हैं। निर्माण कार्य चलने के कारण धूल उड़ रही है। मंडलायुक्त को निरीक्षण में मेट्रो के कार्यों के दौरान धूल उड़ती दिखाई दी। इस पर उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यूपी मेट्रो को धूल नियंत्रण के उपाय न करने पर नोटिस जारी किया है। मेट्रो के अधिकारियों से कहा गया है कि नोटिस के बाद भी धूल नियंत्रण के उपाय न किये तो जलनिगम की तर्ज पर जुर्माना लगाया जायेगा। मंडल में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शहर में वायु प्रदूषण की मुद्दा छाया रहा। मंडलायुक्त ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और नगर निगम के नगरायुक्त को एंटी स्मॉग गन खरीदने के निर्देश दिये हैं। वायु में प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में एंटी स्मॉग गन हवा से धूल और धुएं को साफ करती है। नगर निगम से प्रदूषण नियंत्रण के उपाय करने को भी कहा गया है।
शहर में तीन जगह एक्यूआई 400 से ऊपर
आज शनिवार सुबह भी शहर की वायु की गुणवत्ता खराब थी। तीन जगह शाहजहां गार्डन, संजय प्लेस और आवास विकास कालोनी एक्यूआई 400 से ऊपर था। सुबह साढ़े नौ बजे शहर में सबसे ज्यादा एक्यूआई संजय प्लेस में 430 दर्ज किया गया। शाहजहां गार्डन का एक्यूआई 423 तो आवास विकास कालोनी का 411 था। शहर के औसत एक्यूआई 346 था।