आगरालीक्स…(14 November 2021 Agra News) आगरा के 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर गंगेगौरी बाग में हुआ भव्य पिच्छिका समारोह. श्रावकों ने जैन मुनि को नवीन पिच्छिका भेंट की…
भव्य पिच्छका समारोह का हुआ आयोजन
बल्केश्वर स्थित श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर गंगेगौरी बाग में रविवार को भव्य पिच्छिका समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित हुए। समारोह के दौरान अनेक धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन आदि कार्यक्रम हुए। इस दौरान श्रावकों ने जैन मुनि को नवीन पिच्छिका भेंट की और आयोजन स्थल जयकारों से गूंज उठा| इस कार्यक्रम का शुभारम्भ मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद ग्वालियर,मुरैना,धौलपुर से पधारे श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री 108 अभिनंदन सागर जी महाराज के चित्र का अनावरण एव दीपप्रज्जवलन किया। जैन समाज के बच्चों और महिलाओं ने भावपूर्ण धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

जीवन में परिवर्तन लाना जरूरी
इस मौके पर जैन आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार पिच्छिका का परिवर्तन हो रहा है| उसी प्रकार संसार भी परिवर्तनशील है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में मोक्ष मार्ग पर चलने के लिए जीवन में परिवर्तन लाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पिच्छिका के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे अच्छे और बुरे कार्य ही हमारे परिणामों का कारण बनते हैं। जीओ और जीने दो के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए जो कल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ते हैं, उनका जीवन महत्वपूर्ण है। इस मौके पर उन्होंने देश के प्रति अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन करने का भी संदेश दिया। इस मौके पर प्रवीन जैन,सचिन जैन,राहुल जैन,राजनीश जैन जैन,अरुण जैन,राजीव जैन,नरेन्द्र जैन,रजत जैन,मीडिया प्रभारी शुभम जैन समस्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। समारोह में आगरा के साथ-साथ अनेक शहरों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।