
अलीगढ के क्वार्सी के मैरिस रोड इलाके में संचालित चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में परीक्षाएं चल रही हैं। बुधवार सुबह केलानगर के रहने वाले अभिभावक शकील पुत्र शमशेर अपने बेटे की फीस जमा करने गए तो आरोप है कि वहां उनसे मैनेजर फरहत अली व प्रिंसिपल परवेज ने 300 रुपये अतिरिक्त मांगे। शकील ने जब वजह पूछी तो उन्हें बताया कि सालाना कार्यक्रम के रुपये आपने नहीं दिए थे। इस पर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान प्रिंसिपल ने पहले तमंचा ताना और फिर उसके सिर पर बट मार दी। साथ ही अपने कुछ अन्य साथी हॉकी डंडे सहित बुला लिए। इसके बाद जमकर पीटा गया। शोरशराबे पर जब अन्य अभिभावक वहां एकत्रित हुए तो मैनेजर फरहत अली ने पिस्टल से आठ-दस राउंड फायरिंग कर दी। इस पर वहां शकील बाल-बाल बच गया और मैरिस रोड पर दहशत व भगदड़ का माहौल बन गया।आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल के बाहर मैरिस रोड पर अपने वाहन खड़े कर जाम लगा दिया। भीड़ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। राज्यपाल के आवास के बगल में फायरिंग व जाम की खबर पर क्वार्सी, सासनी गेट, बन्नादेवी, देहली गेट आदि थानों का फोर्स पहुंच गया। लोगों को समझाया जाने लगा। वे मानने को तैयार नहीं हुए। पुलिस ने स्कूल से मैनेजर व प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर बाहर निकालकर गाड़ी में बैठाया तो पब्लिक ने पथराव कर दिया। इस पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। दोनों को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया,शकील की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। दोनों को जेल भेजने के लिए सीजेएम न्यायालय में पेश किया गया। अधिवक्ताओं ने दोनों की ओर से जमानत आवेदन दाखिल किया और अदालत ने बिना अनुमति शहर न छोड़ने और भविष्य इस घटना के बदले में किसी अभिभावक या बच्चे को परेशान न करने की शर्त के साथ जमानत देकर दोनों को रिहा कर दिया।
Leave a comment