आगरालीक्स…. नवोदय विद्यालय में फूटा कारोना बम, नवोदय विद्यालय के 85 छात्र कोरोना संक्रमित। नवोदय विद्यालय नैनीताल के 85 छात्रों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मची खलबली। विद्यालय को ही बनाया गया आइसोलेशन वार्ड।
नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी, नैनीताल के प्रिंसिपल सहित 12 छात्रों की दो दिन पहले कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। इसके बाद नवोदय विद्यालय के छात्रों की कोरोना की जांच कराई गई। इस जांच में 85 छात्र कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। छात्रों कोविद्यालय में ही होम आइसोलेट किया गया है और डॉक्टरों की टीम नजर रखने के लिए तैनात की गई है।

496 के लिए गए सैंपल, स्कूल बंद
नवोदय विद्यालय, नैनीताल के 496 बच्चों के सैंपल कोरोना की जांच को लिए गए थे। इन 496 छात्रों में से 85 छात्र पॉजिटिव मिले हैं। जिन छात्रों की आरटीपीसीआर की रिपोर्ट निगेटिव आई है उनका एंटीजन टेस्ट भी कराया जा रहा है। यह भी निगेटिव आता है तो परिजन अपने बच्चों को साथ ले जा सकते हैं। जिन बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उन्हें अलग रखा गया है और स्कूल बंद करा दिया गया है।