आगरालीक्स…(शरद यादव, ग्राउंड जीरो रिपोर्ट).. आगरा की दक्षिण विधानसभा सीट भाजपा का शहर में दूसरा गढ़ है। इस सीट पर भाजपा को बसपा से सीधी टक्कर मिलती है। बसपा एक बार जीत भी चुकी है लेकिन दबदबा भाजपा का ही है। आगामी चुनाव में भी बसपा समेत अन्य दलों को भाजपा को कड़ी चुनौती देनी होगी।
भाजपा के योगेंद्र ने बसपा के भुट्टो को दो बार हराया
आगरा दक्षिणी विधानसभा सीट से वर्तमान में भाजपा के योगेंद्र उपाध्याय विधायक हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने 1,11,882 मत प्राप्त कर बसपा के जुल्फिकार अहमद भुट्टो को 54,225 मतों हराया था। बसपा के भुट्टो को 57,657 वोट मिले थे। करीब साढ़े तीन लाख मतदाताओं में से 62.26 ने मताधिकार का प्रयोग किया था।
भाजपा 11 में सात चुनाव जीत चुकी है
आगरा दक्षिण विधानसभा सीट पर भाजपा के रुतबे की बात करें तो वह पिछले 11 में से सात चुनाव जीत चुकी है। एक बार बसपा तो तीन बार कांग्रेस विजयी रही है।

कांग्रेस भी लगा चुकी है जीत की हैट्रिक
वर्ष 1977 में कांग्रेस के गुलाब सेहरा जनता पार्टी के लक्ष्मन दास को हराकर जीते थे। वर्ष 1980 में कांग्रेस के आजाद कुमार कर्दम भाजपा के करन सिंह वर्मा को हराकर जीते। वर्ष 1985 के चुनाव में भी भाजपा के वीरेंद्र सोनी जीते उन्होंने जनता पार्टी के रामजीलाल सुमन को हराया।
भाजपा ने लगातार पांच चुनावों में की जीत हासिल
भाजपा के किशन गोपाल ने वर्ष 1989 में कांग्रेस के आजाद कुमार कर्दन को हराकर पार्टी का परचम फहराया वह लगातार पांच चुनावों तक जारी रहा। वर्ष 1991 में किशन गोपाल ने जद के सुरेशचंद्र को हराया। वर्ष 1993 से वर्ष 2002 तक भाजपा के डा. रामबाबू हरित ने जीत हासिल की। उन्होंने इस दौरान बसपा के वीरेंद्र सिंह सोनी, हरिकिशन पिपल और ओमप्रकाश भारतीय को परास्त किया।
गुटियारी लाल ने दिलाई बसपा को एक मात्र जीत
बसपा तीन चुनावों में भाजपा को टक्कर देने के बाद वर्ष 2007 में पहली बार विजयी रही। बसपा के गुटियारी लाल दुबेश ने भाजपा के रामबाबू हरित को शिकस्त दी। लेकिन अगले चुनाव में वर्ष 2012 में भाजपा के योगेंद्र उपाध्याय ने बसपा के जुल्फिकार अहमद भुट्टो को शिकस्त देकर वापस सीट को हथिया लिया। 2017 के चुनाव में भी योगेंद्र उपाध्याय बसपा के भुट्टो को हराकर विजयी रहे।
दक्षिण विधानसभा सीट से कौन कब जीता
वर्ष 2017 योगेंद्र उपाध्याय भाजपा
वर्ष 2012 योगेंद्र उपाध्याय भाजपा
वर्ष 2007 गुटियारी लाल बसपा
वर्ष 2002 डा. रामबाबू हरित भाजपा
वर्ष 1996 डा. रामबाबू हरित भाजपा
वर्ष 1993 डा. रामबाबू हरित भाजपा
वर्ष 1991 किशन गोपाल भाजपा
वर्ष 1989 किशन गोपाल भाजपा
वर्ष 1985 वीरेंद्र कुमार सोनी कांग्रेस
वर्ष 1980 आजाद कुमार कर्दम कांग्रेस
वर्ष 1977 गुलाब सेहरा कांग्रेस