
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के इंजीनियर और कर्मचारी रिपेयरिंग में लग गए हैं। पुल के नीचे झूला बनाया जाना है। इसके सहारे इंजीनियर पुल के अंदरूनी हिस्से में प्रवेश करेंगे।
रविवार देर रात या सोमवार सुबह से पुल पर भारी वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। दो-दो घंटे के लिए तीन बार पुल को पूरी तरह बंद भी किया जा सकता है। इस दौरान कानपुर और दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे होकर आने वाले वाहन जवाहर पुल पर नहीं जाएंगे।
इन्हें शाहदरा, नुनिहाई, एत्माद्दौला होते हुए नए अंबेडकर पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहीं से वाहन शहर में प्रवेश करेंगे। एनएसएआई सूत्रों के मुताबिक पुल के पिलर नंबर तीन के नीचे बड़ी मरम्मत होनी है। इसे हाइड्रोलिक जैक के सहारे उठाया जाएगा। इसके बाद अंदरूनी हिस्से में बियरिंग लगाई जाएंगी। बता दें कि बियरिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण पुल का एक हिस्सा धंसक गया था। पुल हिल रहा था। आखिरी चरण की मरम्मत के बाद पुल कई सालों के लिए सुरक्षित हो जाएगा।
31 जनवरी को हुआ था डैमेज
आगरा का जवाहर यमुना पुल 31 जनवरी को डैमेज हो गया था, रविवार आधी रात से पुल पर भारी वाहनों की नो एंट्री कर दी गई। वाहनों के दबाव से पुल बुरी तरह से हिल रहा है, इससे पुल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने ट्रक, बस सहित हल्के भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है, इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।
Leave a comment