आगरालीक्स ..(.Agra News 24th February 2022 ).रूस के यूक्रेन पर सैन्य हमला करने से कुछ घंटे पहले आगरा लौटे एमबीए के छात्र तुषार ने बताया बंकर में कैसा रहना है इसका भी प्रशिक्षण दिया गया। बेटे के आते ही मम्मी पापा के चेहरे खिले।
आगरा के आवास विकास सेक्टर 6 निवासी रणधीर सिंह चौधरी का बेटा तुषार सिंह यूक्रेन से एमबीए कर रहा है। वह गुरुवार को आगरा अपने घर लौट आया, रूस के यूक्रेन पर हमला करने से पहले बेटे के घर आने से रणधीर सिंह चौधरी और उनकी पत्नी की खुशी का ठिकाना नहीं है।

छात्रों को बंकर और रिफ्यूजी कैंप की दी गई जानकारी
तुषार सिंह ने बताया कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे विवाद से बने हालात को देखते हुए कॉलेजों में छात्रों को प्रशिक्षण दिया गया। यह बताया गया कि सैन्य हमला होता है तो अपनी जान बचाने के लिए कैसे बंकर में रहना है। किस तरह से खुद की रक्षा करनी है। वहीं, रिफ्यूजी कैंप के बारे में भी जानकारी दी गई। जिससे सैन्य हमले के बाद हालात बिगड़ते हैं और अपने देश भारत नहीं लौट पाते हैं तो किस तरह से रिफ्यूजी कैंप में रहना है।
कीव एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए भरी उड़ान
तुषार सिंह ने बताया कि उसके पिता और मां घर लौटने के लिए कह रहे थे। बुधवार को यूक्रेन के कीव एयरपोर्ट पर वह था, वहां से फ्लाइट से वह आगरा आ गया। यहां आने के बाद पता चला कि रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया है और कीव एयरपोर्ट को खाली करा लिया गया है। इससे यूक्रेन से भारत आने वाले छात्र वहीं फंस गए हैं।