आगरालीक्स ….आगरा रेल मंडल में 70 दिन में 243 लोगों ने जंजीर खींचकर ट्रेन को रुकवाया, कोई बाजिव कारण न होने पर की गई कार्रवाई।
आरपीएफ कमांडेंट प्रकाश कुमार पंडा के पर्यवेक्षण में आगरा मण्डल में बिना किसी उचित कारण के ट्रेन की जंजीर (अलार्म चेन / हेण्डल) खींचकर ट्रेन परिचालन को अनावश्यक रूप से बाधित करने वालों के विरूद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रणनीति के तहत ऐसे व्यक्तियों को पकड़कर उनके विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत विधिक कार्यवाही की जा रही है।

243 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
जनवरी से 15 मार्च 2022 तक तक रेल सुरक्षा बल आगरा मण्डल द्वार बाजिव कारण के बिना ट्रेन की चेन पुलिंग करने पर 243 व्यक्तियों को पकड़ा गया। इन लोगों से 149005 रूपये का जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ द्वारा लगातार इस सम्बन्ध में जागरूकता कार्यक्रम के द्वारा यात्रियों को यह संदेश भी दिया जा रहा है कि रेल परिचालन को अनावश्यक रूप से बाधित करने वाले किसी भी क्रियाकलाप में शामिल न हों और सभी यात्रियों को समय से उनके गन्तव्य तक पहुंचाने में सहयोग करें।