आगरालीक्स…आगरा में परीक्षाएं हो रही हैं या मजाक. 50 अंक के प्रश्न पत्र में आए 40 नंबर के प्रश्न….गलतियां ही गलतियां
आगरा में इस समय परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में परीक्षाएं चल रही हैं. लेकिन ये परीक्षाएं मजाक सा बन रही हैं. हर दिन प्रश्नपत्रों में गलतियां आ रही हैं. शनिवार को अंग्रेजी की परीक्षा कराई गई. कक्षा पांच का अंग्रेजी का प्रश्न पत्र 50 अंक का था लेकिन इसमें अंकों का विभाजन किया गया तो योग 40 ही हो रहा था. प्रश्न पत्र दो खंड में विभाजित था जिसमें पहले खंड में 35 नंबर के प्रश्न थे तो वहीं दूसरे खंड में 15 अंक के. लेकिन पहले खंड में जब प्रश्नों के नंबर का योग किया गया तो वो केवल 25 का ही था.

इसी तरह कक्षा छह में भी पूर्णांक 50 दिया था जबकि अंकों का विभाजन का योग 48 ही हो रहा था. कक्षा आठ के अंग्रेजी के प्रश्न पत्र में गलत स्पेलिंग दी हुई थी. इसमें वाज जिसकी स्पेलिंग डब्ल्यूएएस है उसकी जगह स्पेलिंग डब्ल्यूएस लिखी हुई थी, वहीं योर की स्पेलिंग वाईओयूआर है उसकी जगह वाईओयूटी लिखा हुआ था. यही नहीं शुक्रवार को गणित का पेपर था. इसमें कक्षा पांच के प्रश्न पत्र 50 का था जबकि अंक विभाजन का योग केवल 19 ही हो रहा था.कक्षा तीन के गणित के प्रश्न पत्र का भी योग 50 की जगह 35 था.
इस मामले में यूटा के जिला महामंत्री राजीव वर्मा का कहना है कि प्रश्न पत्रों में गलतियों की भरमार हैं. बना जांचें परखे प्रश्न पत्र भेज दिए गए हैं. बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस मामले में पैकिंग करने वाली टीम से जवाब तलब किए जाने के लिए कहा है.