आगरालीक्स…आगरा में 10 अप्रैल तक लू चलने का अलर्ट. तापमान आज भी 41 डिग्री से अधिक. आने वाले दिनों में और तड़पाएगी गर्मी….
आगरा में गर्मी अपने चरम पर है. जो लोग मई और जून के ही महीने को गर्मी का सबसे अधिक महीना मानते थे उनके भी मार्च और अप्रैल की गर्मी ने इस बार पसीने छुड़ा दिए हैं. उनका भी कहना है कि इतनी गर्मी मार्च अप्रैल में इससे पहले कभी नहीं देखी. एक महीने पहले ही गर्मी का प्रकोप इतना अधिक हो गया है. सुबह से ही सूरज की तेज किरणें लोगों को बेहाल कर रही हैं. हालत ये है कि 10 से 11 बजे के बाद तो कोई भी बाहर निकलना ही नहीं चाहता. मजबूरी में ही लोग घर से बाहर दिन के समय में निकल रहे हैं. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है. सुबह का टाइम तो उनका जल्दी हो गया है लेकिन स्कूल से छुट्टी होकर जब वो वापस लौटते हैं तब आगरा का तापमान अपने पीक पर होता है. ऐसे में छोटे—छोटे बच्चों को भरी दोपहरी में स्कूल से घर लौटना पड़ रहा है.

41 डिग्री रहा तापमान
हर दिन की तरह बुधवार भी गर्म रहा. सुबह से ही लोग भीषण गर्मी से परेशान रहे. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक21.1 डिग्री रहा. मौसम विभाक का पूर्वानुमान है कि आगरा में दस अप्रैल तक लू चलेगी. इस दौरान आगरा का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है.