आगरालीक्स…आगरा की कॉलोनियों में आवारा कुत्तों से परेशान कॉलोनीवासी. सोमवार को इस कॉलोनी में मां—बेटी पर आवारा कुत्तों ने अचानक कर दिया हमला…
शहर की कॉलोनियों में आवारा कुत्तों की दहशत और उनके द्वारा अचानक किए जा रहे हमलों को लेकर शिकायतें आ रही हैं. सोमवार को भी आगरा की एक कॉलोनी में रहने वाली मां और उनकी बेटी पर अचानक कॉलोनी के 5—6 आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. किसी तरह दोनों वहां से अपनी जान बचाकर निकल पाए. पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत सोशल मीडिया के जरिए मेयर नवीन जैन, डीएम आगरा और एसएसपी आगरा से की है.

आगरा की HIG ADA फ़्लैट्स, संजय प्लेस की रहने वाली मानवी अग्रवाल ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह अपनी बेटी को कॉलोनी के मेन गेट पर स्कूल बस के लिए छोड़ने के लिए जा रही थीं. यहां से निकलते समय अचानक 5—6 आवारा कुत्तों ने उन पर व उनकी बेटी के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया. वहां कोई बचाने वाला नहीं था और बहुत देर संघर्ष करने के बाद वह किसी तरह वहां से जान बचाकर निकल पाईं. मानवी अग्रवाल का कहना है कि आवारा कुत्तों के अचानक किए गए हमले से उनकी बेटी और वह बुरी तरह से दहशत में हैं. उनका कहना है कि यह समस्या पिछले कई महीनों से हैं. कुछ बच्चे और कर्मचारी आवारा कुत्तों का शिकार भी हो चुके हैं. उन्होंने नगर निगम, पुलिस व प्रशासन ने इस समस्या से निजात दिलाने को कहा है. उनका कहना है कि इन आवारा कुत्तों के कारण किसी के भी बच्चे के साथ कोई भी दुर्घटना घट सकती है.