आगरालीक्स…आगरा में बदमाशों की दुस्साहसिक वारदात. घर में घुसकर तमंचे की बट से बीएसएफ जवान की पत्नी का सिर फोड़ा. दिनदहाड़े लूटपाट से दहशत में आया परिवार
आगरा में बदमाशों ने दिनदहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने घर में घुसकर बीएसएफ जवान की पत्नी पर तमंचे की बट से हमला बोल दिया और लूटपाट करने लगे लेकिन महिला की सात साल की बेटी ने किसी तरह बाहर निकलकर शोर मचा दिया जिससे बदमाश वहां से भाग खड़े हुए बदमश यहां से पर्स आदि ले गए हैं.

ये है पूरा मामला
मामला मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे का है. शाहगंज के वायु विहार स्थित ब्रज धाम कॉलोनी में रेखा अपनी बेटी अवनी और श्रव्या के साथ रहती हैं. पति उर्वेश कुमार बीएसएफ में है और इस समय बीकानेर में उनकी पोस्टिंग है. पुलिस को दी जानकारी में रेखा ने बताया कि उनकी बेटी अवनी कक्षा तीन में एयरफोर्स स्कूल में पढ़ती है. मंगलवार को उनकी बेटी का स्कूल में पहला दिन था. ऐसे में वह स्कूटर से अपनी दूसरी बेटी श्रव्या को भी साथ लेकर गई थी. लौटते समय उन्होंने एक एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले और घर आ गईं. दोनों बेटियां घर के अंदर चली गईं और वह जब घर में घुसतीं उससे पहले ही एक—एक करके दो युवक उनके घर में घुस आए और उन्हें दबोच लिया. दोनों ने उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया. एक के हाथ में तमंचा था जो उन्होंने उनके सिर पर मारा. बदमाश उन्हें घसीटकर कमरे में ले गए, लेकिन किसी तरह बदमाशों से भिड़ गईं और दोनों तरफ से मारपीट होने लगी.
इस बीच बेटी अवनी तुरंत घर के बाहर भागी और बाहर पहुंचकर उसने शोर मचा दिया. बदमाशों को इसका पता चल गया तो वो सकपका गए. बदमाश जाने लगे लेकिन रेखा ने उन्हें फिर पकड़ लिया इस पर बदमाशों ने दोबारा हमला कर दिया और मारपीट हुई. इसके बाद दोनों बदमाश घबराकर वहां से निकल गए. रेखा ने बताया कि उनका एक साथी बाइक पर था. थोड़ी देर में कॉलोनीवासी मौके पर आ गए. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.