नईदिल्लीलीक्स… देश में कोरोना के बढ़ते संकट को देखते हुए पीएम मोदी 27 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। यूपी में स्कूलों में जाने वाले बच्चों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
देश में आज कोरोना के 2593 मामले आए
स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज जो कोरोना के आंकड़े पेश किए हैं वह चिंताजनक है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रविवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 2593 मामले सामने आए हैं जो कि कल की तुलना में 66 अधिक है। इस दौरान 44 लोगों की मौत भी हुई। हालांकि, 1755 लोग डिस्चार्ज भी हुए। देश में सक्रिय मरीज की संख्या भी बढ़कर 15,873 हो गई जो कि चिंता का विषय है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,22,193 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस दौरान कुल 4,25,19,479 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
स्कूलों में बच्चों को हैंड सेनेटाइज्ड के बाद ही प्रवेश
इस बीच यूपी में कोरोना को लेकर शासन ने प्रदेश के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को हैंडवाश या हैंड सेनेटाइज्ड कराने के बाद ही प्रवेश दिए जाने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह सभी मूल्यांकन केंद्रों पर भी कोविड से बचाव संबंधी सभी सावधानियां बरतने को कहा गया है।
एनसीआर के जिलों में विशेष सतर्कता के निर्देश
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि लखनऊ समेत एनसीआर के जिलों गौतमबुद्धनगर, मेरठ , गाजियाबाद, हापुड़, बागपत व बुलंदशहर में सभी विद्यालयों में विशेष सावधानी बरतते हुए सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों व कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने के निर्देश पहले ही दिए गए थे।
शासनादेश में पात्र स्कूली बच्चों के लिए विशेष वैक्सीनेशन अभियान चलाने के निर्देश
शासनादेश में कोविड-19 का प्रसार रोकने के लिए सभी पात्र विद्यार्थियों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करने का विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। सभी व्यवस्थाएं लागू कराने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षकों व संयुक्त शिक्षा निदेशकों को दी गई है।