आगरालीक्स…आगरा में स्कूली बच्चों को सिखाए जाएंगे ट्रैफिक नियम. पेरेंट्स के साथ स्कूलों में की जाए बैठक. सीएम योगी ने दिए पूरे प्रदेश में जागरूक करने के आदेश…
इसी माह से शुरू होने वाले सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ लगातार बैठक् कर रहे हैं. उन्होंने लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए हैं. सीएम योगी ने कहा कि बेसिक और माध्यमिक स्कूलों में बच्चों को यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष प्रयास किए जाएं. ट्रैफिक नियमों के पालन का संस्कार बच्चों को शुरुआत से ही देना चाहिए. इसके लिए अभिभावकों के साथ भी विद्यालयों में बैठक हो. स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता विषयक प्रभात फेरी निकाली जानी चाहिए.

18 मई को संवाद करेंगे सीएम येागी
सीएम योगी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के व्यापक महत्व को देखते हुए पुलिस, यातायात, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, परिवहन, नगर विकास, पीडब्ल्यूडी आदि संबंधित विभागों के परस्पर समन्वय के साथ जागरूकता अभियान की कार्ययोजना तैयार की जाए. 18 मई को इस कार्ययोजना के साथ प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ संवाद होगा, जिसके उपरांत सड़क सुरक्षा अभियान प्रारंभ होगा.