आगरालीक्स…आगरा का बिल्डर जितेंद्र मंगला भेजा गया जेल. 17.55 करोड़ रुपये की बकायदारी में किया गया था अरेस्ट.
आगरा की सदर तहसील टीम द्वारा शुक्रवार को जाने माने बिल्डर जितेंद्र मंगला को अरेस्ट करने के बाद आज शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया है. जितेंद्र मंगला पर 17 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी बकाएदारी है. बताया जाता है कि इससे पहले जितेंद्र मंगला पर रेरा ने रिकवरी वारंट निकाले थे. तहसील सदर के अधिकारियों ने रातभर जितेंद्र मंगला को हवालात में बंद किए रखा और शनिवार को कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है.

जितेंद्र मंगला के कई प्रोजेक्ट शहर में
बता दें कि जितेंद्र मंगला आगरा का जाना—माना बिल्डर है. वह प्रेरणा कंस्ट्रक्शन के मालिक है और उन्होंने मार्केट में मंगलम एस्टेट, मंगलम शिला जैसे कई प्रोजेक्ट दिए हैं. कुछ समय से जितेंद्र मंगला की आर्थिक स्थिति खराब हो गई. इन पर सरकारी ही नहीं बल्कि निजी स्तर पर भी भारी भरकम देनदारी है. चर्चाएं तो ऐसी भी है कि बिल्डर ने एक ही प्रॉपर्टी के कई सौंदे कर दिए. बता दें इससे पहले सदर तहसील की टीम ने सिकंदरा के मोहम्मदपुर में भी इसकी करोड़ों रुपयों की जमीन को कुर्क किया था.