आगरालीक्स….आगरा में भ्रूण लिंग जांच की शिकायत पर अस्पताल में छापा. स्वास्थ्य विभाग ने किया सील. भर्ती मरीजों को दूसरी जगह किया गया शिफ्ट…जानिए क्या रहा कारण
आगरा में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए टेढ़ी बगिया स्थित केएमडी मेडिकल केयर सेंटर में छापा मारा. यह अस्पताल बिना लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था. टीम ने अस्पताल को सील कर दिया और यहां भर्ती दो मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया. अस्पताल प्रबंधन को नोटिस देकर दो हफ्ते के अंदर लाइसेंस मांगा गया है.

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र ने बताया कि अस्पताल में भ्रूण लिंग की जांच होने की शिकायत मिली थी. जिसके बाद यहां पर छापा मारा गया. अस्पताल में कोई भी पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिला. डॉ. कैलाश मंगल यहां मरीज देख रहे थे और उने चेंबर में चार—पांच मरीज बैठे थे. टीम ने यहां पहुंचकर डॉक्टर से अस्पताल का लाइसेंस मांगा. डॉक्टर ने जो लाइसेंस दिखाया उसकी समय सीमा एक वर्ष पहले ही समाप्त हो गई थी. उसका नवीनीकरण नहीं कराया गया था. लाइसेंस भी अस्पताल की बजाय क्लीनिक का था. इस पर सवाल किया गया तो डॉक्टर ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. स्वास्थ्य विभाग की टीमने अंदर जाकर देखा तो एक वार्ड में चार बेड पड़े थे जिसमें दो मरीज भर्ती थे. दोनों को ड्रिप चढ़ रही थी.
टीम को यहां ओटी बंद मिला. उसको खुलवाया तो अंदर ओटी टेबल और उपकरण मिले लेकिन साफ सफाई नहीं थी. टीम अस्पताल की दूसरी मंजिल पर पहुंची तो वहां दो कमरों में चार—चार बेड लगे थे, यहां कोई मरीज नहीं था. टीम को यहां दो कर्मचारी एक महिला व एक पुरुष मिले. स्टाफ प्रशिक्षित नहीं था. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां भर्ती दोनों मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराया ओर ओटी, वार्ड, डॉक्टर का चैंबर सहित अस्पताल को सील कर दिया गया. नोटिस देकर सात दिनके अंदर अस्पताल के लाइसेंस और पैरामेडिकल स्टाफ के संबंध में जानकारी मांगी गई है.