आगरालीक्स…यूपी में कोरोना के केस बढ़ने पर सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक. अधिकारियों को कड़े निर्देश—सूक्ष्मता से रखें नजर. अस्पतालों में व्यवस्थाओं को भी परखा जाए. जानिए यूपी में कितने मिले कोरोना केस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाए जाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाए। कोविड की बदलती परिस्थितियों पर सूक्ष्मता से नजर रखी जाए। सभी अस्पतालों में चिकित्सकीय उपकरणों की क्रियाशीलता, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की समुचित उपलब्धता की गहनता से परख कर ली जाए। आवश्यक दवाओं के साथ मेडिसिन किट तैयार करा लिए जाएं।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 3,257 है। विगत 24 घंटों में 91 हजार से अधिक कोविड टेस्ट किए गए और 682 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 352 रोगी उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। 3,082 रोगी घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पॉजिटिविटी दर न्यूनतम है। प्रदेश में कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति संतोषप्रद है। 33.73 करोड़ से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ ही 18+ आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 96% से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है। 15-17 आयु वर्ग के 99.27% किशोरों और 12 से 14 आयु वर्ग के 94.55 % से अधिक बच्चों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। 18+ आयु के लोगों को बूस्टर डोज दिए जाने में तेजी की अपेक्षा है। सीएम ने कहा कि बच्चों को दूसरी डोज समय से दी जाए।