आगरालीक्स…. आगरा में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही फैशन व ब्यूटी ब्लॉगर रितिका सिंह की मर्डर मिस्ट्री की परत दर परत खुल रही हैं। रितिका का मोबाइल गायब.
आगरा के ओम श्री प्लेटेनियम अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 404 में विपुल अग्रवाल के साथ चार साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही ब्लॉगर रितिका सिंह को शुक्रवार सुबह 10.30 बजे अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया था। हत्या के आरोप में रितिका सिंह के पति नगला झम्मन निवासी आकाश गौतम और काजल व कुसुमा को अरेस्ट किया गया है, दो लोग फरार हैं। अपार्टमेंट में आकाश गौतम सहित पांच लोग पहुंचे थे और कुछ देर बाद ही रितिका सिंह चौथी मंजिल से नीचे फेंक दी थी।
मां और पिता ने बताई रितिका सिंह की दर्द भरी कहानी
रितिका सिंह का शनिवार को पोस्टमार्टम हुआ, रितिका के पिता सुरेंद्र और मां मंजू पोस्टमार्टम हाउस पर रोने बिलखने लगे। उन्होंने बताया कि वे मूल रूप से मोती कटरा, एमएम गेट के रहने वाले हैं, 20 साल पहले गाजियाबाद चले गए थे और गाजियाबाद के प्रताप विहार में रह रहे हैं, सुरेंद्र सिंह नोएडा की शू कंपनी में काम करते हैं। बेटी रितिका और एक बेटा है। बेटी रितिका को कान्वेंट स्कूल में पढ़ाया, इग्नू से ग्रेजुएशन किया, रितिका की अंग्रेजी अच्छी थी।

आकाश ने अपने प्यार के जाल में फंसाया
सुररेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी ससुराल नगला झम्मन, टूंडला में थी, यहां पड़ोस में आकाश गौतम रहता था। रितिका छुटिटयों में नानी के घर जाती है, उसी समय से आकाश उसके पीछे पड़ गया। उसके पीछे पीछे गाजियाबाद आ गया और रितिका उसके प्यार में फंस गई। वह उसे अपने साथ ले गया, सुरेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया लेकिन रितिका आकाश के साथ ही रहना चाहती थी। 2014 में दोनों ने शादी कर ली, इसके बाद रितिका का उत्पीड़न करने लगा, उसने आगरा और फिरोजाबाद में नौकरी की, आकाश कोई काम नहीं करता था। रितिका पर शक करने लगा, इसी बीच विपुल अग्रवाल से रितिका की पहचान हुई और वह चार साल से विपुल के साथ आगरा में रह रही थी।