आगरालीक्स….आगरा में मानसूनी बारिश हो रही हैं और सड़कें धंस रही हैं. अब ये फोटो देखिए…विधायक के घर के पास की सड़क तक धंस गई. कार सवार बाल—बाल बच गया…
ये आगरा है जनाब! यहां राहत के साथ आफत भी आती है. गर्मी से परेशान लोगों को पिछले कुछ दिनों से बारिश से राहत तो मिल रही है लेकिन आफत ये है कि जगह—जगह जलभराव हो रहा है तो जगह—जगह सड़कें धंस रही हैं. कहीं—कहीं तो बीच में ही सड़क धंस रही हैं जिसके कारण लोग वहां से निकल ही नहीं पा रहे. अब सड़क धंसने का ताजा मामला है सदर के उखर्रा रोड स्थित संजय नगर कॉलोनी का. ये कोई आम जगह नहीं है, यहां से सिर्फ 400 मीटर की दूरी पर हाथरस से भाजपा विधायक अंजुला सिंह माहौर का घर है. रविवार को सड़क धंसी तो पांच फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया. जिस समय सड़क धंसी, उस समय एक कार निकल रही थी. गनीमत रही कि कार सवार बाल—बाल बच गया.
यातायात हुआ अवरुद्ध
बीच में ही सड़क धंसने से यहां से निकलने वाले वाहनों का रास्ता अवरुद्ध हो गया है. बड़े वाहन तो यहां आते हैं और गड्ढे को देखते ही वापस लौट जाते हैं. हालांकि बाइक सवार सड़क के किनारे कच्चे रास्ते से निकल रहे हैं, लेकिन रिक्शा और कार आदि वाहन नहीं निकल पा रहे हैं. कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए इसके लिए कॉलोनीवासियों ने सांकेतिक रूप से यहां बांस लगा दिया है, जिससे कि कोई हादसे का शिकार न हो. कॉलोनीवालों का कहना है कि सड़क को बने अभी एक साल भी नहीं हुआ है. पानी का सही निकास न होने के कारण ये सड़क धंसी है. चिंता तो इस बात की है कि अब कॉलोनीवासी अपने वाहन कैसे निकालेंगे.