आगरालीक्स …आगरा में धोखाधड़ी में जेल भेजे गए प्रेरणा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर जितेंद्र कुमार मंगला को जमानत नहीं मिली, तीन जून से जेल में हैं। फ्लैट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी के आधा दर्जन और चेक डिसआर्नर के 18 मामले।
प्रेरणा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर जितेंद्र कुमार मंगला को धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, धमकी के आरोप में तीन जून को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था। जिला जज विवेक संगल ने आरोपित द्वारा प्रस्तुत जमानत प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया। इस मामले में अभियोजन पक्ष द्वारा बिल्डर जितेंद्र मंगला के खिलाफ धोखाधड़ी के आधा दर्जन एवं चेक डिसआर्नर होने के 18 मामलों का आपराधिक इतिहास भी प्रस्तुत किया गया।

ये है मामला
रिटायर डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर रामवीर सिंह चौहान निवासी राजीव नगर न्यू आगरा ने थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराया था,इसमें आरोप लगाए कि बिल्डर जितेंद्र कुमार मंगला ने उनसे संपर्क किया और उनके द्वारा निर्मित मंगलम निकेत में कम कीमत पर फ्लैट देने की बात कहते हुए 21 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उनके परिजन और परिचितों ने भी फ्लैट के लिए रुपये दिए। लेकिन उन्हें कब्जा नहीं दिया गया, जिस फ्लैट का आवंटन होना था उसे किसी अन्य को बेच दिया गया। 22 अक्टूबर 2017 को बिल्डर जितेंद्र कुमार मंगला व अन्य ने वादी के साथ गाली गलौज की और धमकाया था।
फाइल फोटो