आगरालीक्स…आगरा में व्यापारी का मोबाइल हैक. प्राइवेट फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी. अब किया जा रहा ब्लैकमेल…
आगरा के कमला नगर में रहने वाला एक व्यापारी साइबर अपराधियों के जाल में फंस गया है. साइबर अपराधियों ने उसके मोबाइल को हैक कर उसके कॉन्टैक्ट लिस्ट, प्राइवेट फोटो और वीडियो चोरी कर लिए हैं. जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर व्यापारी से रुपयों की मांग की जा रही है. पीड़ित व्यापारी ने इसकी शिकायत पुलिस में की है. साइबर सेल मामले की जांच कर रही है.

आनलाइन गेमिंग एप डाउनलोड होते ही आने लगे मैसेज
कमला नगर के बसंत विहार में रहने वाले व्यापारी आशीष चौहान ने बताया कि दो जुलाई को उनके बेटे ने मोबाइल पर आनलाइन गेमिंग एप डाउनलोट किया था. इसके एक घंटे बाद ही मोबाइल पर अलग—अलग नंबर से व्हाट्सअप पर मैसेज आने लगे. इसमें लिखा था कि आपके निजी फोटो और वीडियो उनके पास हैं. कॉन्टैक्ट लिस्ट भी आ गई है. इसकी एक पीडीएफ फाइल भी बनाकर भेज दी गई. मैसेज में लिखा कि 1500 रुपये ट्रांसफर कर दो, अगर ऐसा नहीं किया तो यह वायरल कर दिए जाएंगे. इस पर आशीष ने एकाउंट नंबर मांगा तो इनकार कर दिया. लिंक भेजकर कर उस पर भुगतान करने का दबाव बनाया.
साइबर ठगी की आशंका पर आशीष ने भुगतान करने से मना कर दिया जिसके बाद बार—बार अलग—अलग नंबर से उनके पास कॉल आ रहे हैं और रुपयों की मांग की जा रही है. पीड़ित ने इस संबंध में आनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है साथ ही थानाकमला नगर में तहरीर दी है.