आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक हादसा. तीन साल की मासूम की खुले नाले में डूबने से मौत. आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम.
आगरा में सोमवार दोपहर को थाना मलपुरा के नगला बुद्धा में दर्दनाक हादसा हो गया. खुले नाले में गिरकर तीन साल की मासूम बच्ची की उसमें डूबने से मौत हो गई. बच्ची की मौत से आक्रोशित लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया. इस नाले का निर्माण साल साल से अधूरा पड़ा हुआ है और लोगों ने इसे बनवाने के लिए तीन महीने तक धरना प्रदर्शन भी किया था जिसमें प्रदर्शनकारी महिला रानी की जान भी चली गई थी, लेकिन नाला फिर भी नहीं बना.
घर के बाहर खेल रही थी बच्ची
परिजनों के अनुसार छह बहनों में सबसे छोटी तीन साल की मानवी सोमवार दोपहर को करीब दो से ढाई बजे घर के बाहर खेल रही थी. इस दौरान वह किसी समय नाले में गिर गई. परिजनों को जब वह नहीं मिली तो उन्होंने उसे घर ओर बाहर खोजा. लेकिन मानवी का कुछ पता नहीं चला. इस पर नाले में बांस डालकर देखा तो उसमें बच्ची का हाथ चमका. हाथ पकड़कर जब उसे बाहर निकाला तो वह मानवी का शव था. नाला करीब 15 फीट गहरा है. बच्चे की मौत से आक्रोशित लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत करा दिया.

इस नाले के निर्माण के लिए सब कुछ हुआ पर नाला नहीं बना
बता दें कि धनौली नाला निर्माण के लिए वर्ष 2015 में जल निगम ने 31 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाया था. छह किलोमीटर नाला बनना था लेकिन सात साल बीतने पर भी नाला नहीं बन पाया. चार बार इसका बजट बदलने से 18 करोड़ लागत बढ़ गई. वर्तमान में 49 करोड़ रुपये की लागत वाले नाले के लिए अभी तक 27 करोड़ रुपये जारी हो सके हैं. लोगों का कहना है कि इस नाले की सफाई के लिए गुहार लगाई. तहसील दिवस में प्रार्थनापत्र भी दिया. धरना प्रदर्शन, भूख हड़ताल तक कर चुके हैं लेकिन नाला अभी भी खुला पड़ा है.