आगरालीक्स ….आगरा में संजय प्लेस में वर्टिकल पार्किंग बनेगी, 300 से 500 वाहन खड़े हो सकेंगे। साढ़े चार करोड़ से बनने वाली पार्किंग के लिए टेंडर हुए जारी।
आगरा में पार्किंग की समस्या है, सबसे ज्यादा समस्या संजय प्लेस में होती है। वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं है। संजय प्लेस में नगर निगम की पार्किंग है लेकिन इसे लेकर संजय प्लेस बाजार एसोसिएशन के साथ विवाद है। ऐसे में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए वर्टिकल पार्किंग बनाने की तैयारी चल रही है।

4.50 करोड़ से बनेगी वर्टिकल पार्किंग
आगरा के संजय प्लेस में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा वर्टिकल पार्किंग बनेगी, 4.50 करोड़ से वर्टिकल पार्किंग बनाने के लिए टेंडर हो गए हैं। नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे का मीडिया से कहना है कि वर्टिकल पार्किंग का टेंडर जारी हो गया है।
ये होती है वर्टिकल पार्किंग
कम समय में ज्यादा वाहनों को पार्क करने के लिए इस तरह की पार्किंग बनाई जाती है। इसमें लोहे के स्ट्रक्चर को खड़ा किया जाता है, पांच से सात मंज़िल होती है, इसमें वाहन खड़े किए जाते हैं। स्ट्रक्चर के बाहर हाइड्रोलिक प्लेटफार्म बनाया जाता है, इस प्लेटफार्म से वाहन पार्क किए जाते हैं। संजय प्लेस में बनने जा रही पार्किंग में 300 से 500 वाहन पार्क किए जा सकेंगे।