आगरालीक्स…आगरा में वाहनों की गति बढ़ाने को सड़क चौड़ी कराई, जनता ने पार करने को गजब जुगाड़ लगाई, कोई रेंगकर तो कोई कूद-फांद कर मोल ले रहा खतरा
आगरा में हाईवे पर जाम न लगे, वाहनों की गति को बढ़ाया जा सके, इसके लिए हाईवे को छह लेन में बदला गया। इसके साथ ही बीच में और दोनों ओर ग्रिल लगाकर कवर कराया गया ताकि चौड़ी सड़क पर तेज गति चल रहे वाहनों के सामने कोई अचानक न आए। लेकिन आगरा इसलिए भी अनोखा है क्योंकि सबके पास अपनी-अपनी समस्याएं हैं तो जुगाड़ भी हैं चाहे जिंदगी ही दाव पर लग जाए। एनएच-2 पर ऐसे दृश्य आम हैं। कहीं टूटी हुई ग्रिल के बीच से कहीं ग्रिल को फांदकर तो कहीं साइड ग्रिल के नीचे से रेंगकर लोग हाईवे पर आ रहे हैं, उसे पार कर रहे हैं। खतरे को नजरअंदाज कर रहे हैं। हाईवे पर वाहन तेज गति चल रहे होते हैं। पलक झपकते ही दुर्घटना हो सकती है।

हालांकि इस काम को निर्माणदायी संस्था की लापरवाही भी कम नहीं है। शहर के मध्य हाईवे पर कई ऐसी जगह हैं, जहां एक से दो लोगों के लिए निकलने लायक कट रह गए हैं। कई जगह ग्रिल उखड़ी हुई हैं तो कई जगह यह बीच से कटी हुई हैं। कहीं लोगों ने उन्हें मोड़कर निकलने लायक जगह बना ली है। इसके अलावा साइड ग्रिल के नीचे इतनी जगह लोगों को मिल जाती है जिससे वे जमीन पर लेटकर भी इसे पार कर रहे हैं। कई जगह वे ग्रिल को फांदकर हाईवे पर आ रहे हैं। एनएचएआई ने भी इस पर आंखें मूंद ली हैं। पेट्रोलिंग वाहन भी कम ही नजर आते हैं। लोगों से भी किसी तरह की रोक-टोक या जुर्माना नजर नहीं आता है। हाईवे से गुजरते वक्त आपको इस तरह के दृश्य मिल जाएंगे। यह आपको खतरे का अहसास कराएंगे।