Tuesday , 24 November 2026
Home आगरा Agra News: High Court issues notice on the problem of monkeys in Agra…#agranews
आगराटॉप न्यूज़बिगलीक्स

Agra News: High Court issues notice on the problem of monkeys in Agra…#agranews

266

आगरालीक्स…आगरा में 30 हजार से अधिक बंदर हैं. हर साल बढ़ रही संख्या और इनका खतरा. इनकी समस्या अब हाईकोर्ट ने इन जिम्मेदारों को भेजा नोटिस

हाईकोर्ट ने लिया जनहित याचिका में संज्ञान
”बंदरों के खतरे ने आगरा शहर को त्रस्त कर दिया है जहां पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बंदर समान रूप से परेशान करते पाए जाते हैं जिसके परिणामस्वरूप निवासियों को गंभीर चोटें और कीमती सामान का नुकसान हो रहा है। कभी-कभी बंदरों के हमले के कारण युवा और वृद्धों की मौत हो गई। जनहित याचिका के माध्यम से न्यायालय के हस्तक्षेप से बन्दरों को दूर करना चाहते हैं क्योंकि विशेष रूप से इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि अधिकारीगण इस समस्या के समाधान में विफल रहे हैं।“ यह बात न्यायमूर्ति प्रतींकर दिवाकर एवं न्यायमूर्ति आशुतोष श्रीवास्तव की इलाहाबाद उच्च न्यायालय की खण्डपीठ ने अभी हाल में दिनांक 19 जुलाई को जनहित याचिका सं0 1207 वर्ष 2022 का संज्ञान लेते हुए अपने आदेश में कही। यह याचिका आगरा के वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन एवं समाजसेवी प्रशान्त जैन द्वारा प्रस्तुत की गयी थी। न्यायालय ने राज्य सरकार एवं नगर निगम आगरा सहित बनाये गये 9 विपक्षीगण को नोटिस जारी करते हुए 17 अगस्त नियत की है।

बढ़ते बन्दर और दुःखद घटनायें
अधिवक्ता जैन द्वारा बताया गया कि जनहित याचिका में यह उल्लेख किया गया कि आगरा शहर में 30,000 से अधिक बन्दर हैं जिनकी संख्या पिछले दशक में काफी तेजी से बढ़ी है और बन्दर अब आगरा में बड़े-बड़े झुण्ड बनाकर घूमते हैं। बन्दरों के आक्रमण व उनके खाने से हजारों लोग घायल हो चुके हैं और अनेकों व्यक्तियों की मृत्यु भी हो गयी। नवम्बर 2018 में ग्राम रूनकता में बन्दर मां की गोद से बच्चे को छीनकर ही ले गया जिससे अबोध बच्चे की मृत्यु हो गयी। माईथान के हरीशंकर गोयल की मृत्यु बन्दरों के आक्रमण से जुलाई 2019 में हो गयी। मार्च 2020 में उस्मान बन्दरों के कारण अपनी छत से गिरकर मर गया। अक्टूबर 2020 में भी दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। इन सब अनेकों घटनाओं के बावजूद भी नगर निगम व वन विभाग बन्दरों की समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी हल नहीं ढूँढ सका है। यही नहीं, बन्दर आये दिन विश्वदाय स्मारक ताजमहल में भी यात्रियों पर हमला कर देते हैं और बन्दरों की शिकार महिलाऐं व बच्चे अक्सर हो जाते हैं। जिला अस्पताल व एस.एन.मेडीकल कॉलेज में बन्दर के काटे लोग प्रतिदिन इलाज के लिए पहुंचते हैं। बन्दरों की खबर को मीडिया भी प्रमुखता से समय-समय पर प्रकाशित करती आयी है।

वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन

बन्दर है संरक्षित वन जीव
अधिवक्ता जैन ने यह भी बताया कि वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के परिशिष्ट-2 की प्रविष्टि 17ए के अनुसार बन्दर वन्य जीव है और संरक्षित है। अतः वन विभाग एवं नगर निगम इस समस्या का समाधान खोजने के लिए जिम्मेदार हैं। राज्य सभा में भी आगरा, मथुरा, लखनऊ, वृन्दावन आदि शहरों की बन्दरों की समस्या को लेकर 7 अप्रैल 2022 को प्रश्न उठा था जिसमें समस्या को स्वीकार करते हुए यह भी बताया गया था कि केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण द्वारा मथुरा एवं हलद्वानी में मंकी रेस्क्यू सेन्टर बनाने की अनुमति प्रदान की जा चुकी है।

जनहित याचिका में चाहा हैः
याचिका में यह चाहा है कि आगरा शहर के बन्दरों के लिए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की अनुमति लेते हुए वन क्षेत्र में मंकी रेस्क्यू सेन्टर की स्थापना की जाये जहां पर बन्दरों के पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था हो व गूलर, पाखड़, पीपल, बरगद व दतरंगा आदि फलदार वृक्ष हों और वहां पर विलायती बबूल न हो और यदि हो तो उसे हटा दिया जाये। बन्दरों को सुरक्षित व वैज्ञानिक ढंग से समयबद्ध रूप में इन रेस्क्यू सेन्टर में ले जाया जाये औैर इन रेस्क्यू सेन्टर के चारो ओर रोक भी हो व यह रेस्कयू सेन्टर साफ-सुथरे व गन्दगीरहित हो जिनके लिए समुचित फण्ड की व्यवस्था राज्य सरकार व नगर निगम करे। बन्दरों के स्वास्थ्य को लेकर भी वेटरनिटी डॉक्टर समय-समय पर उन्हे देखे और उनके लिए पर्याप्त खाने की व्यवस्था हो। गैर-सरकारी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाये और एक ओवरसाइट कमेटी भी बनाई जाये। नगर निगम अपनी उपविधियों में परिवर्तन कर बन्दरों को शहर में खाने-पीने की वस्तु देने पर रोक लगाये जैसा शिमला नगर निगम द्वारा लगाया गया है और डलावघरों को नगर-निगम ढक कर रखे। नागरिक हेल्पलाइन भी इस सम्बन्ध में बनायी जाये।

मृतक के उत्तराधिकारियों व घायलों को दें क्षतिपूर्ति
संयुक्त याचिकाकर्ता प्रशान्त जैन ने बताया कि याचिका में इस बात की मांग भी की गयी है कि पर्यावरण व वन मंत्रालय द्वारा अपने आदेश दिनांक 09 फरवरी 2018 के द्वारा जानवरों के कारण लोगों की हुयी मृत्यु अथवा लगी चोट के लिये धनराशि निर्धारित की गयी है जो कि मृत्यु होने की दशा में रूपये पांच लाख, गंभीर चोट होने पर रूपये दो लाख एवं मामूली चोट होने पर रूपये पच्चीस हजार है। यह राशि केन्द्र सरकार की वन संरक्षण योजना के अन्तर्गत दी जानी चाहिए किन्तु विगत में कोई भी राहत राशि प्रशासन या नगर निगम द्वारा इस योजना के अन्तर्गत नहीं दी गयी है। इस आदेश के आधार पर याचिका में यह आदेश चाहा गया है कि उच्च न्यायालय द्वारा उक्त आदेश को लागू किया जाये। याचिकाकर्ताओं ने आशा व्यक्त की कि इससे पहले यह समस्या और अधिक विकराल हो जाये न्यायालय के हस्तक्षेप से व सभी विभागों के समन्वय से बन्दरों की बढ़ती समस्या का कारगर हल ढूँढा जा सकेगा। उच्च न्यायालय में याचिका की पैरवी अधिवक्ता राहुल अग्रवाल के द्वारा की गयी जिन्होंने कहा कि वे यह पूरे प्रयास करेंगे कि याचिका यथाशीघ्र निर्णित हो सके।

Written by
Agraleaks Team

AgraLeaks is a prominent digital news platform dedicated to delivering timely and reliable news from Agra and the surrounding regions. Established over a decade ago, AgraLeaks has become a trusted source of local journalism, covering a wide range of topics including city news, politics, education, business, sports, health, and cultural events. Its mission is to keep citizens informed and connected with developments that directly impact their community. With a strong focus on hyperlocal reporting, AgraLeaks provides real-time updates on important incidents, civic issues, public events, and government initiatives. Over the years, it has built a reputation for fast reporting and comprehensive coverage, making it one of the most recognized local news portals in Agra. The platform also features regional, national, and international news to offer readers a broader perspective beyond the city. Driven by the principle “Apki Khabar Hamari Nazar” (Your News, Our Watch), AgraLeaks continues to serve as a vital voice of the city, empowering readers with accurate information and strengthening the local media ecosystem through digital journalism.

Related Articles

बिगलीक्स

Agra News: Bike stuck in Inner Ring Service road pit hole, woman died

आगरालीक्स आगरा में इनर रिंग रोड के सर्विस मार्ग पर गड्ढे से...

आगरा

Obituaries of Agra on 24th November 2026

आगरालीक्स:…आगरा में आज उठावनी, आगरालीक्स पर उठावनी प्रकाशित कराने के लिए कॉल...

बिगलीक्स

Agra News: Weather Forecast for 24th November 2026

आगरालीक्स आगरा में आज कैसा रहेगा मौसम, जानें।आगरा में मंगलवार सुबह से...

बिगलीक्स

Agra News: All News Papers review 24th November 2026

आगरालीक्स आगरा के न्यूजपेपरों का 24 नवंबर का मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ बड़े...

error: Content is protected !!